विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओमान में तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद देवरिया का युवक लापता, परिवार ने केंद्र सरकार से मांगी मदद

By Sk SinghEdited By: Sachin Sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 02:23 PM (IST)

ओमान के सोहर बंदरगाह के पास तेल टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद देवरिया का एक युवक वीर बहादुर ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. ओमान में तेल टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ

  2. देवरिया के वीर बहादुर यादव समेत दो नाविक लापता

  3. परिवार ने सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई

जागरण संवाददाता, देवरिया। ओमान के सोहर बंदरगाह के पास 11 अक्टूबर को तेल टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद बरहज तहसील के बड़कागांव निवासी वीर बहादुर यादव (26) समेत दो भारतीय नाविक लापता हैं।

हमले के समय टैंकर पर 11 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से नौ को सुरक्षित बचा लिया गया। वीर बहादुर के लापता होने की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बड़कागांव निवासी वीर बहादुर यादव, स्वर्गीय रामसमुझ यादव के पुत्र हैं। वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण वह करीब पांच माह पहले ही नौकरी करने विदेश गए थे।

पिता का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में वीर बहादुर ही परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार के लोग उनकी सकुशल वापसी की आस लगाए बैठे हैं। मां की आंखें बेटे की चिंता में नम हैं।

गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और वीर बहादुर की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने तथा लापता भारतीय नाविकों की तलाश तेज कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में 5.79 करोड़ के टेंडर मैनेज करने को लेकर खींचतान, वर्चस्व की लड़ाई में बिगड़ी बात