Move to Jagran APP

देवरिया में सड़क हादसा, बरात से लौट रही बोलेरो खड़ी ट्रक में घुसी, एक की मौत; आधा दर्जन लोग घायल

दुर्घटना बरहज क्षेत्र के तेलिया शुक्ल के समीप राम-जानकी मार्ग पर हुई। बरात से लौट रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर रास्ते में खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandFri, 26 May 2023 12:35 PM (IST)
देवरिया में सड़क हादसा, बरात से लौट रही बोलेरो खड़ी ट्रक में घुसी, एक की मौत; आधा दर्जन लोग घायल
ट्रक में घुसी बोलेरो के उड़े परखच्चे। -जागरण

देवरिया, जागरण संवाददाता। देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के तेलिया शुक्ल के समीप राम-जानकी मार्ग पर गुरुवार की रात बरात से लौट रही बोलेरो ट्रक में घुस गई। जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक बराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से एक की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ऐसे हुआ हादसा

लार उपनगर से एक बरात मदनपुर थाना क्षेत्र में गई थी। बराती रात को भोजन करने के बाद बोलेरो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे, अभी वह बरहज के तेलिया शुक्ल गांव के समीप पहुंचे थे कि बोलेरो अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक में जाकर घुस गई। बोलेरो की रफ्तार तेज होने के चलते बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लार उपनगर के बौली के रहने वाले उपेंद्र राजभर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि इंदल पाल समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। इसमें इंदल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके की स्थिति देख परेशान हो गए लोग

बोलेरो की गति इस कदर रही कि बोलेरो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। जगह-जगह लोगों को गिरा देख आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस पहुंची और फिर किसी तरह घायलों को अस्पताल भिजवाया।

तो चालक की झपकी लेने से हुआ हादसा

बरात से लौट रहे वाहन आए दिन खड़े वाहनों से टकरा जा रहे हैं और बड़ा हादसा हो जा रहा है। 22 दिन पूर्व बरात से लौट रहे आर्केस्ट्रा पार्टी का पिकअप शहर के पुरवा में कंटेनर में घुस गया था, जिससे नर्तकी समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि बोलेरो चालक की झपकी लेने के चलते ही हादसा हुआ है और यहां भी बोलेरो ट्रक में घुस गई है।