छठ पर्व पर देवरिया रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच, जीआरपी-आरपीएफ और डॉग स्क्वॉयड ने ली 3 ट्रेनों में तलाशी
छठ महापर्व के मद्देनजर देवरिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक रेलवे ने निरीक्षण किया।

छठ महापर्व पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन देवरिया पर सुरक्षा जांच
HighLights
रेलवे एसपी ने देवरिया स्टेशन का सुरक्षा निरीक्षण किया।
जीआरपी, आरपीएफ और डाग स्क्वायड ने संयुक्त चेकिंग की।
तीन प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों और सामान की तलाशी हुई।
जागरण संवाददाता, देवरिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने रेलवे स्टेशन देवरिया का निरीक्षण किया। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम की मौजूदगी में जीआरपी, आरपीएफ और डाग स्क्वायड के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग, प्रवेश और निकास द्वार, होल्डिंग एरिया सहित स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया गया। मौर्य एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में भी तलाशी अभियान चलाया गया। एसपी रेलवे ने सीसी कैमरों की जांच कर खराब कैमरों को दुरुस्त कराने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नए कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
जीआरपी और आरपीएफ को संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर नजर रखने, भीड़ नियंत्रण के लिए सतर्क रहने तथा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने को कहा। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को तैयार रखने और लाउडस्पीकर से लगातार उद्घोषणा कराने के निर्देश भी दिए गए।