मोनू सिंह हत्याकांड: देवरिया में पुलिस मुठभेड़ में दो हत्यारोपित गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
देवरिया में चर्चित मोनू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो हत्यारोपितों चाइना अंसारी और अंबुज विश्वकर्मा को ...और पढ़ें
HighLights
मोनू सिंह हत्याकांड में देवरिया पुलिस ने दो आरोपी पकड़े।
मुख्य आरोपी चाइना अंसारी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ।
आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भलुअनी कस्बे के समीप चर्चित मोनू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के दौरान दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपित चाइना अंसारी ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कराने के बाद पुलिस का रिवाल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया और टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। घायल चाइना को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। दूसरे आरोपित अंबुज विश्वकर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घटना रविवार तड़के करीब 3:30 बजे बरहज-भलुअनी मार्ग पर गांधी चौक सोनारी मोड़ के पास सोनारी रोड में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए दोनों आरोपित
गुरुवार की रात भलुअनी कस्बे के समीप जय प्रकाश नगर शिवधरिया निवासी मोनू सिंह (25) पुत्र प्रेम सिंह की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई उपेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चाइना अंसारी पुत्र कमालुद्दीन, अंबुज विश्वकर्मा पुत्र दीनानाथ विश्वकर्मा निवासी जय प्रकाश नगर शिवधरिया, जय किशन यादव निवासी तिलक नगर और नागेश यादव निवासी कुंईचवर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। रविवार की भोर में मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ आरोपित भलुअनी-बरहज मार्ग की तरफ भाग रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पैदल भाग रहे चाइना अंसारी और अंबुज विश्वकर्मा को गांधी चौक सोनारी मोड़ के पास पकड़ लिया।
चाकू बरामदगी के बाद पुलिस से छीना रिवाल्वर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चाइना अंसारी ने साथियों के साथ मिलकर मोनू की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में फेंका गया हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपितों को सोनारी रोड से थाने ले जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर खेत में चला गया।
पुलिसकर्मी वाहन को धक्का देकर सड़क पर लाने का प्रयास कर रहे थे। तभी चाइना अंसारी मौका पाकर पुलिस का रिवाल्वर लेकर भागने लगा और टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। गोली लगने से वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घायल चाइना को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में भलुअनी थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र समेत पुलिस टीम शामिल रही।
यह भी पढ़ें- देवरिया में नशे की हालत में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, ग्रामीणों की भीड़ के बीच पुलिस ने किया रेस्क्यू
