Deoria News: गौरी बाजार में ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से मलबे में दबे मजदूर दंपती, पति की इलाज के दौरान मौत
जनपद देवरिया के गौरी बाजार क्षेत्र के लेहड़ा गांव स्थित भट्टे पर बुधवार की सुबह करीब आठ बजे ईंट की निकासी के समय भट्टे की दीवार भरभरा कर गिर गई। जिसमें दबने से मजदूर दंपती घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, देवरिया: जनपद देवरिया के गौरी बाजार क्षेत्र के लेहड़ा गांव स्थित भट्टे पर बुधवार की सुबह करीब आठ बजे ईंट की निकासी के समय भट्टे की दीवार भरभरा कर गिर गई। जिसमें दबने से मजदूर दंपती घायल हो गए। घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जिसमें पति राजकुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
क्षेत्र के लेहड़ा स्थित सर्वेश कुमार सिंह के ईंट भट्ठे पर सुबह से ईंट की निकासी हो रही थी। अचानक भट्टे की दीवार भरभरा कर गिरने लगी। जिससे अफरा-तफरी मच गई। लेकिन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले 40 वर्षीय कथा बाई पत्नी राजकुमार एवं 42 वर्षीय राजकुमार पुत्र लाल सिंह घायल हो गए।
इलाज के दौरान एक की मौत
आनन-फानन में दोनों श्रमिकों को गौरी बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। जहां स्थिति गंभीर होते देख चिकित्सक ने महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज की इमरजेंसी वार्ड में दोनों श्रमिकों का उपचार किया गया। उपचार के दौरान राजकुमार की मृत्यु हो गई। पत्नी की हालत गंभीर है।
घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर जिलाजीत एवं गौरी बाजार के थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह फोर्स के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।