विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Deoria Murder Case: अखिलेश यादव ने नरसंहार के मंजर को नजदीक से देखा, जान गंवाने वाले लोगों को दी श्रद्धांजलि

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Mon, 16 Oct 2023 01:22 PM (IST)Updated: Mon, 16 Oct 2023 02:20 PM (IST)

Deoria Murder Case देवरिया नरसंहार में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

देवरिया में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। -जागरण
देवरिया में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। -जागरण

जागरण संवाददाता, देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर ग्राम पंचायत के लेहड़ा टोला पहुंचे। इस दौरान वह नरसंहार में मारे गए दुबे परिवार के पांच लोगों के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे घर के अंदर भी पहुंचे और वहां बिखरे सामान को देख वह द्रवित हुए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आदि मौजूद रहे।

इसके बाद अखिलेश यादव का काफिला अभयपुर टोला स्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के घर पहुंचा। अखिलेश यादव ने जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उनकी पत्नी प्रेमशीला देवी एवं दो बेटियों तथा हत्याकांड में आरोपित रामजी यादव की पत्नी व बच्चों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

पूर्व सीएम ने नरसंहार के मंजर को देखा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फतेहपुर ग्राम पंचायत के लेहड़ा टोला में 2 अक्टूबर को हुए नरसंहार में मारे गए पांच लोगों के घर पहुंचे। सबसे पहले मृतक जनों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके पश्चात घर के अंदर पहुंचे। जहां पांच लोगों की एक ही कमरे में निर्मम हत्या कर दी गई थी। जैसे ही अखिलेश यादव कमरे के अंदर दाखिल हुए वहां का मंजर देख कर वह काफी द्रवित हुए। कुछ देर उन्होंने घर का हालत देखा उसके पश्चात बाहर निकले। उसके पश्चात प्रेमचंद यादव के घर के लिए रवाना हो गए।

हर पगडंडी पर पुलिस का पहरा

फतेहपुर ग्राम पंचायत में जाने वाली हर पगडंडी पर पुलिस का पहरा है। जबकि बैरियाघाट तिराहे पर दो सीओ के साथ पांच थानेदार के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनात की गई है।

बता दें कि नरसंहार के बाद फतेहपुर ग्राम पंचायत में धारा 144 लागू है और उसका सख्ती से अनुपालन पुलिस करा रही है।

चार से पांच व्यक्ति को एक साथ जाने की अनुमति मिल रही है। वह भी उनका परिचय पत्र देखने के बाद ही। सपा मुखिया अखिलेश यादव के फतेहपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन काफी गंभीर रही।

फतेहपुर में सीमित संख्या में लोगों को जाने की इजाजत मिली है, इसलिए बैरियाघाट तिराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।