विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में शादी के विवाद में दो सगे भाइयों ने खाया जहरीला पदार्थ, एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर

Published: Mon, 29 Jun 2026 06:26 PM (IST)

देवरिया के बरहज में शादी को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में दो सगे भाइयों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस ...और पढ़ें

जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत।

जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत।

HighLights

  1. शादी के विवाद में दो भाइयों ने खाया जहर।

  2. केशव गोस्वामी की उपचार के दौरान हुई मृत्यु।

  3. विष्णु गोस्वामी की हालत अभी भी गंभीर बनी है।

संवाद सूत्र, बरहज। नगर के पुराना बरहज मोहल्ले में शादी को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दो सगे भाइयों ने आत्मघाती कदम उठाने हुए जहरीला पदार्थ खा लिया।

इस घटना में 21 वर्षीय केशव गोस्वामी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उसके बड़े भाई विष्णु गोस्वामी का बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है।

स्वजन के अनुसार, परिवार के तीसरे नंबर के भाई विष्णु गोस्वामी और चौथे नंबर के भाई महेश गोस्वामी के विवाह की बातचीत अलग-अलग स्थानों पर चल रही थी। सबसे छोटा भाई केशव इन रिश्तों का विरोध कर रहा था।

रविवार रात इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। आवेश में आकर केशव और विष्णु ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज, देवरिया रेफर कर दिया। विष्णु की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इस बीच सोमवार सुबह केशव अस्पताल से घर लौट आया। दोपहर में उसने दोबारा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे फिर सीएचसी बरहज ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। केशव की मौत से मां उमा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।