विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में लव जिहाद के मामले में मुस्लिम युवक गिरफ्तार, किशोरी ने अनिरुद्धाचार्य के सत्संग में बताई थी आपबीती

Published: Wed, 13 May 2026 02:15 PM (GMT+05:30)

देवरिया में लव जिहाद के आरोप में एक मुस्लिम युवक आशिक अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला तब ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. देवरिया में मुस्लिम युवक आशिक अंसारी लव जिहाद में गिरफ्तार।

  2. किशोरी ने वृंदावन में अनिरुद्धाचार्य के सत्संग में बताई आपबीती।

  3. पुलिस ने पॉक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, देवरिया। वृंदावन में अनिरुद्धाचार्य की कथा में संवाद के दौरान हिंदू किशोरी के साथ मुस्लिम युवक का लव जिहाद का मामला सामने आया है। सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी ने वीडियो का संज्ञान लेकर एसपी को पत्र लिखा और इस मामले में आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

इसका वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आरोपित पर शिकंजा कस दिया है। किशोरी को प्रेमजाल में फंसा कर शारीरिक शोषण के मामले में आरोपित के विरुद्ध बरियारपुर पुलिस ने पाक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपनी मां के साथ कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के कथा व संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होने बीते 24 अप्रैल को वृंदावन गई थी। कथावाचक व किशोरी के वार्तालाप का वीडियो तीन मई को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड हुआ जबकि नौ मई को चारों तरफ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।

प्रसारित वीडियो में अपनी आपबीती बताते हुए किशोरी कथावाचक से बताती है कि गांव के पास के विद्यालय में वह कक्षा 10 की छात्रा है। मुस्लिम समुदाय के युवक आशिक अंसारी ने उससे दोस्ती की और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया।

किशोरी ने उसे अपनी मां के 29 हजार रुपये चुरा कर दिए। बाद में इसकी जानकारी होने पर स्वजन के समझाने पर किशाेरी मान गई और उससे बात करना बंद कर दी। बात न करने पर युवक खुद को नुकसान पहुंचाने और फंसाने और उसकी शादी नहीं होने देने की धमकी देने लगा।

यह भी पढ़ें- देवरिया में पेड़ से गिरकर मजदूर की मौत, परिवार में पसरा मातम

कथावाचक से किशोरी ने बताया वह उसके प्रेमजाल में फंसने के कारण कक्षा 10 में फेल हो गई। स्कूल में पढ़ने वाली कई हिंदू लड़कियों को वह और मुस्लिम युवक दोस्ती के बहाने फंसा रखे हैं। कथावाचक किशोरी को समझाते हैं कि यह उम्र पढ़ने की है प्यार करने की नहीं। ये लोग पहले प्यार में फंसाते हैं और शादी के बाद बेच देते हैं। पढ़ लिख लो, नाम कमाओ। यह लव जिहाद है।

मामले की जानकारी होने पर किशोरी की मां ने बरियापुर थाने में 10 मई को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 10 मई को मुकदमा दर्ज कर आरोपित आशिक अंसारी पुत्र भुटेली निवासी चकमाधो उर्फ मठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध पाक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।