देवरिया जेल में 45 क्षमता वाले बैरक में ठूसे गए हैं 80 कैदी, बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी
देवरिया जिला कारागार अपनी क्षमता से 49% अधिक बंदियों को रखे हुए है, जिससे भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भारी दबाव पड़ रहा है।

कुशीनगर में नई जेल बनने के बाद ही इस भीड़भाड़ की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है, तब तक बंदियों को सीमित संसाधनों में रहना होगा।
HighLights
देवरिया जेल में 835 की क्षमता पर 1244 बंदी।
भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ रहा भारी दबाव।
कुशीनगर में नई जेल बनने से समस्या का होगा समाधान।
सौरभ कुमार मिश्र, देवरिया। जिला कारागार में बंदियों की भीड़ ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। महज 835 बंदियों को रखने की क्षमता वाली जेल में 1244 बंदी निरुद्ध हैं। यानी क्षमता से 409 अधिक बंदियों का बोझ जेल प्रशासन उठा रहा है। यहां 18 बैरकों में से प्रत्येक में 45 से 50 बंदियों के रहने की व्यवस्था है, लेकिन 70 से 80 बंदी गुजारा करने को मजबूर हैं। दो जिलों के बंदियों की भीड़ का असर भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी पड़ रहा है।
जेल में कुशीनगर के 733 और देवरिया के 511 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें 64 महिलाएं और मां के साथ रह रहे सात बच्चे शामिल हैं। क्षमता से करीब 49 प्रतिशत अधिक बंदियों की मौजूदगी ने बैरकों की व्यवस्था बिगाड़ दी है। सीमित जगह में अधिक लोगों के रहने से बुनियादी सुविधाओं पर दबाव पड़ रहा है।
एक बैरक में अस्पताल, इलाज के लिए भी सीमित इंतजाम
जेल के एक बैरक में अस्पताल संचालित है। यहां कुशीनगर से एक चिकित्सक और एक फार्मासिस्ट तथा देवरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से एक चिकित्सक और एक फार्मासिस्ट तैनात हैं। गंभीर रोगियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जाता है।
जर्जर एंबुलेंस के सहारे जिंदगी की जंग
जेल अस्पताल में गंभीर रोगियों को मेडिकल कालेज पहुंचाने के लिए एक एंबुलेंस है, लेकिन उसकी हालत खुद उपचार मांग रही है। एंबुलेंस अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुकी है। आए दिन खराब होने वाली इस गाड़ी को जुगाड़ और मरम्मत के सहारे चलाया जा रहा है।
कुशीनगर में जेल बनने के बाद होगा समाधान
देवरिया जेल में बंदियों का दबाव कम करने का समाधान फिलहाल कुशीनगर में बन रही नई जेल से जुड़ा है। निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद कुशीनगर के 733 बंदियों को वहां स्थानांतरित किया जाएगा। इससे देवरिया जेल की क्षमता पर बना अतिरिक्त बोझ कम होगा। हालांकि, नई जेल तैयार होने तक यहां के बंदियों को भीड़ और सीमित संसाधनों के बीच ही रहना होगा।
जेल अधीक्षक आशीष रंजन ने कहा कि जिला कारागार में लंबे समय से क्षमता से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। उन्हें उपलब्ध बैरकों में रखा जाता है। बंदियों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाता है। भोजन, दवा और उपचार समेत सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से दी जाती हैं। कुशीनगर में कारागार भवन बनने के बाद बंदियों की अधिकता की समस्या का समाधान हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।