देवरिया में आग की चिंगारी से झोपड़ी जलकर राख, चार बकरियों की मौत
देवरिया के कोड़रा ठाकुर गांव में आग की चिंगारी से एक रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। इस हादसे में एक बकरी और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कोड़रा ठाकुर गांव में झोपड़ी आग से जलकर राख।
एक बकरी और उसके तीन बच्चों की जलकर मौत।
परिवार का राशन, कपड़े, नकदी समेत सब नष्ट।
जागरण संवाददाता, सलेमपुर। कोड़रा ठाकुर गांव में रविवार देर शाम आग की चिंगारी से एक रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी में बंधी एक बकरी और उसके तीन बच्चों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। चारों की झुलसकर मौत हो गई।
वहीं, झोपड़ी में रखा राशन, कपड़े और सात हजार रुपये नकद समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
कोड़रा ठाकुर गांव निवासी बीरबहादुर राजभर पुत्र स्व. झपसी की रिहायशी झोपड़ी में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी।
आग की चपेट में आने से झोपड़ी के अंदर बंधी बकरी और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। इसके अलावा झोपड़ी में रखा राशन, कपड़े और करीब सात हजार रुपये नकद भी जल गए। हादसे में परिवार की पूरी गृहस्थी नष्ट हो गई। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल कौशल किशोर शर्मा ने नुकसान का आकलन किया।