देवरिया में डीएम कार्यालय गेट पर धरने पर बैठे जेन जी कनेक्ट यात्रा में शामिल युवा, पुलिस कर्मियों से नोकझोंक
देवरिया में जेन जी कनेक्ट यात्रा के युवा डीएम कार्यालय गेट पर धरने पर बैठ गए, जहां पुलिस से उनकी ...और पढ़ें

HighLights
जेन जी कनेक्ट यात्रा के युवा डीएम कार्यालय गेट पर धरने पर बैठे।
पुलिसकर्मियों ने युवाओं को हटाने का प्रयास किया, हुई नोकझोंक।
यात्रा नेता रजत सिंह के खिलाफ बीएसए कार्यालय घेराव पर एफआईआर।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जेन जी कनेक्ट यात्रा में शामिल युवा सोमवार को डीएम कार्यालय गेट पर धरने पर बैठ गए। डीएम के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर युवाओं ने उन्हें मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने युवाओं को कार्यालय के गेट से हटाने का प्रयास किया, जिसको लेकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई।
जेन जी कनेक्ट यात्रा के दौरान बीएसए कार्यालय के घेराव की सूचना के बाद सोमवार को कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। यात्रा के नेतृत्वकर्ता रजत सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन को घेराव की जानकारी मिली।
इसके बाद सुबह 10 बजे से बीएसए कार्यालय परिसर और आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। पुलिसकर्मी वर्दी के साथ ही सादे कपड़ों में भी निगरानी करते रहे। मामले में गौरीबाजार के खंड शिक्षा अधिकारी विनय शील मिश्र की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में रजत सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
22 अगस्त को दी गई तहरीर में खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त को रविवार और विद्यालय में अवकाश होने के बावजूद रजत सिंह बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के प्राथमिक विद्यालय डमरभिस्वा परिसर में प्रवेश कर गए। आरोप है कि उन्होंने विद्यालय की चहारदीवारी फांदकर परिसर में प्रवेश किया।
तहरीर के अनुसार विद्यालय परिसर में पहले से मौजूद निष्प्रयोज्य भवन की नियमानुसार नीलामी कराकर ध्वस्तीकरण कराया जा चुका था। ध्वस्तीकरण के बाद कुछ मलबा विद्यालय परिसर के एक कोने में पड़ा था, जिसे हटाने की कार्रवाई विद्यालय स्तर से चल रही थी।
खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप लगाया कि रजत सिंह ने इसी मलबे का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया और विद्यालय व विभाग की छवि धूमिल करने के लिए तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि वीडियो में विद्यालय के कायाकल्प योजना के तहत संतृप्त होने की स्थिति को नहीं दिखाया गया।
रजत सिंह का यह भी कहना है कि उन्होंने विद्यालय की चहारदीवारी नहीं फांदी और न ही उनका कार्य किसी अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वीडियो के माध्यम से विद्यालय की वास्तविक स्थिति सामने रखी गई थी।
उनका कहना है कि पूरे मामले में तथ्यों की जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए। रजत सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने की जानकारी के बाद जेन जी कनेक्ट यात्रा से जुड़े लोगों द्वारा बीएसए कार्यालय के घेराव की सूचना पुलिस प्रशासन को मिली।
