खाड़ी देशों के युद्ध का भारत पर असर: 9 महीने में डेढ़ गुना हुई फोरलेन सड़क की लागत; 152 करोड़ पहुंचा बजट
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण देवरिया के सोनूघाट-बरहज फोरलेन परियोजना की लागत नौ महीने में 98.52 करोड़ से बढ़कर 150.61 करोड़ रुपये हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सोनूघाट-बरहज फोरलेन लागत 52 करोड़ रुपये बढ़ी।
पश्चिम एशिया युद्ध, बिटुमिन मूल्य वृद्धि मुख्य कारण।
परियोजना की अनुमानित लागत से बोली 15% अधिक।
जागरण संवाददाता, देवरिया। पश्चिम एशिया में युद्ध का असर सोनूघाट-बरहज फोरलेन परियोजना पर भी दिखाई देने लगा है। जिस सड़क के निर्माण के लिए पहले टेंडर में सबसे कम बोली 98.52 करोड़ रुपये थी, उसी परियोजना के चौथे टेंडर में यह बढ़कर 150.61 करोड़ रुपये पहुंच गई। दोनों बोलियों के बीच 52.09 करोड़ रुपये का अंतर है।
खास बात यह है कि विभागीय अनुमानित लागत अब भी 130 करोड़ रुपये ही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नौ महीने के भीतर एक ही सड़क के निर्माण की सबसे कम बोली इतनी कैसे बढ़ गई?
नार्थ-साउथ कॉरिडोर से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए पहली बार 23 फरवरी को टेंडर आमंत्रित किया गया था। इसमें प्रयागराज की एक फर्म ने 98.52 करोड़ रुपये की सबसे कम बोली लगाई थी। यह विभागीय अनुमानित लागत से करीब 24.22 प्रतिशत कम थी।
फर्म को काम आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन बाद में टेंडर निरस्त कर दिया गया। इसके बाद 11 जून को दूसरी और तीन अगस्त को तीसरी बार ई-टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई। दोनों बार सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी।
आलोक कंस्ट्रक्शन ने लगाई 152.66 करोड़ रुपये की बोली
लगातार तीन बार टेंडर निरस्त होने के बाद चौथी बार टेक्निकल व फाइनेंशियल बिड खोली गई। इसमें प्रभा कंस्ट्रक्शन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने 150.61 करोड़ व आलोक कंस्ट्रक्शन ने 152.66 करोड़ रुपये की बोली लगाई। प्रभा कंस्ट्रक्शन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को सबसे कम बोली लगाने के आधार पर एल-वन घोषित किया गया है।
इस बार सबसे कम बोली विभाग की अनुमानित लागत से करीब 15.85 प्रतिशत अधिक है। यानी पहले टेंडर में जहां निर्माण के लिए अनुमानित लागत से 24.22 प्रतिशत कम दर मिली थी, वहीं चौथे टेंडर में बोली अनुमान से काफी ऊपर पहुंच गई।
21.750 किलोमीटर लंबी बनेगी फोरलेन
सोनूघाट से बरहज तक 21.750 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाया जाना है। वर्तमान में इसकी चौड़ाई करीब सात मीटर है। परियोजना के तहत प्रत्येक लेन सात मीटर चौड़ी होगी व दोनों लेन के बीच दो मीटर का डिवाइडर बनाया जाएगा। शासन ने 29 मार्च 2026 को परियोजना के लिए 172 करोड़ 25 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी थी। निर्माण की जद में आने वाले करीब 3,500 पेड़ों में से लगभग 1,400 की कटाई हो चुकी है।
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण बिटुमिन की कीमतों में दो बार वृद्धि हुई है। वर्ष 2026 से पहले इसकी कीमत 40 से 45 हजार रुपये प्रति टन थी, जो वर्तमान में बढ़कर 95 हजार से 1.10 लाख रुपये प्रति टन तक पहुंच गई है। इसी वजह से निर्माण लागत में वृद्धि हुई है और फर्म ने अधिक दर पर बोली लगाई है। -जेबी सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।