देवरिया में रेलवे ट्रैक पर फंसी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, कई ट्रेनों की थमी रफ्तार
देवरिया में लार रोड-तुर्तीपार स्टेशन के बीच रेवली ढाले पर सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
-1786531163357_m.webp)
रेवली ढाले पर रेलवे ट्रैक के बीच फंसी सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जेसीबी से हटाते रेलवे कर्मचारी
HighLights
रेवली ढाले पर रेलवे ट्रैक पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली।
रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा।
जेसीबी से हटाई गई ट्रॉली, ट्रेन संचालन हुआ प्रभावित।
संवाद सूत्र, देवरिया। लार रोड-तुर्तीपार स्टेशन के बीच रेवली ढाले पर मंगलवार की शाम सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के बीच फंस गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली के रेलवे ट्रैक पर खड़े होने से अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
कुछ देर तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। भागलपुर से रेवली की तरफ जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली रेवली ढाले पर अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक साइड की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा। इस दौरान रेल निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही मिक्सर मशीन समेत अन्य उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जेसीबी से हटाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर से कूदकर मौके से फरार हो गया। रेलवे कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद आरपीएफ, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद कुछ ट्रेनों का संचालन सावधानी के साथ कराया गया।
आरपीएफ के सिपाही प्रवीण मिश्रा ने बताया कि रेलवे संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक और चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
