विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में कारों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, सात लोग गंभीर रूप से घायल

Published: Mon, 17 Aug 2026 12:14 PM (IST)

देवरिया के गौरीबाजार में हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के पास देर रात दो कारों की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए।

सड़क हादसे में युवक की मौत।

सड़क हादसे में युवक की मौत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप के पास रविवार की देर रात दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के साथ घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतक की पहचान देवरिया के अबूबकर नगर निवासी शारिक पुत्र जहांगीर के रूप में हुई।

हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। बलिया से गोरखपुर जा रही कार में रेवती निवासी ऋतिक पुत्र सत्येंद्र (26) और सिद्धार्थ सोनी पुत्र तारकेश्वर (25) सवार थे।

हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़े टैंकर और नगर पंचायत की निर्माणाधीन नाली के लिए सड़क पर पड़ी गिट्टी से बचने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ा। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रही दूसरी कार से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहनों में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए। इसी बीच बलिया से आ रही कार में आग लग गई। सूचना पर बैतालपुर चौकी प्रभारी आशीष कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।

पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उपचार के दौरान शारिक की मौत हो गई। आदिल और साहिल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार एक कार में सात और दूसरी में दो लोग सवार थे। एक व्यक्ति को चोट नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा हादसा: पतंग पकड़ने की जि‍द में 12 साल के पुष्कर की दर्दनाक मौत, हाईटेंशन लाइन से चिपका