एक खिड़की पर रजिस्ट्री से बढ़ी भीड़, सदर बार एसोसिएशन ने देवरिया डीएम से की मांग
सदर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक कार्यालय में एक के बजाय तीन खिड़कियां संचालित करने की मांग की है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
उपनिबंधक कार्यालय में तीन खिड़कियां संचालित करने की मांग।
एक खिड़की से रजिस्ट्री कार्य में भीड़ और विलंब।
कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी की जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, देवरिया। सदर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक कार्यालय में एक के बजाय पहले की तरह तीन खिड़कियां संचालित कराने की मांग की है। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा। सोमवार को हुई आम सभा की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई और व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष युगुल किशोर तिवारी ने कहा कि उपनिबंधक कार्यालय में पहले रजिस्ट्री संबंधी कार्य तीन खिड़कियों से होता था।
वर्तमान में केवल एक खिड़की संचालित होने से रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों की भीड़ एक ही स्थान पर जुट रही है। इससे लोगों को परेशानी के साथ कार्य में भी अनावश्यक विलंब हो रहा है। उन्होंने पहले की तरह तीनों खिड़कियां संचालित कराने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों से काम कराए जाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि एक बाहरी व्यक्ति से रिकार्ड रूम में काम कराने के साथ शुल्क का मिलान कराया जा रहा है।
इसके अलावा एक अन्य बाहरी व्यक्ति को रिकॉर्ड रूम से जुड़े पीछे के कक्ष में रखा गया है। अधिवक्ताओं ने कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी की जांच कर उन्हें हटाने की मांग की।
बैठक में विजयसेन यादव, अजय श्रीवास्तव, रामछबीला, विष्णु प्रकाश गुप्ता, गिरीश नारायण तिवारी, सत्यप्रकाश मिश्र, आशुतोष मणि, राजीव त्रिपाठी, विनय पांडेय, इमरान खान आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बस्ती में मनोरमा नदी पर 15 करोड़ की लागत से बनेगा , निर्माण के लिए 7.78 करोड़ जारी
