देवरिया में 2400 परिवारों को जल्द मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगा घर, खाते में आएंगे 1.20 लाख रुपए
देवरिया में 2400 गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर मिलेंगे। शासन के निर्देश पर जीरो पॉवर्टी के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
देवरिया में 2400 गरीब परिवारों को मिलेगा मुख्यमंत्री आवास।
जीरो पॉवर्टी के तहत चिन्हित जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जनपद के आवास विहीन गरीब परिवारों के लिए राहत की खबर है। शासन ने जीरो पॉवर्टी के तहत चिन्हित परिवारों में सबसे जरूरतमंद परिवारों की जांच कर उन्हें तत्काल मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने का निर्देश दिया है।
इसके तहत जिले में करीब 2,400 मुख्यमंत्री आवास बनाए जाएंगे। शासन के आवास विहीन सभी परिवारों को शत प्रतिशत आवास दिए जाने के लिए विशेष अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास देकर उन्हें संतृप्त किए जाने की योजना शुरू की है।
इसके तहत वर्ष 2024 में किए गए जीरो पॉर्वटी के तहत चिन्हित परिवारों में से ही आवास दिए जाने की प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत जनपद में कुल 9250 परिवार चिन्हित हैं। जिसमें से 5260 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराई जानी है।
गांवों में सर्वे हुआ शुरू
वहीं शेष बचे 3990 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास दिया जाना है। वर्ष 2024-25 में 66 परिवारों को आवास देकर लाभान्वित किया जा चुका है। शेष बचे परिवारों में वर्ष 2026-27 में 2400 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास दिए जाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसके तहत प्रत्येक ब्लाक में कम से कम 150 के करीब आवास बनाए जाने हैं।
इसके लिए ग्राम पंचायत अधिकारियों ने अपने-अपने गांवों में सर्वे करना शुरू कर दिया है। इस संबंध में परियोजना निदेशक अनिल कुमार जायसवाल ने बताया कि आवास का लक्ष्य मिल गया है। जल्द ही सर्वे कर लाभार्थियों के खाते में धन भेज दी जाएगी। प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये किस्तों में उनके खाते में भेजी जाएगी।
