साइक्लोन Arnab का कहर: देवरिया में किसानों की फसल तबाह, सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने मुआवजे की मांग की
अर्णब चक्रवात के कारण देवरिया में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से धान व गन्ने की फसलें बर्बाद हो गईं। ...और पढ़ें

सपा सांसद रमाशंकर राजभर
HighLights
अर्णब चक्रवात से देवरिया में धान और गन्ना बर्बाद।
खेतों में पानी भरने से रबी की बुवाई में देरी।
सांसद ने किसानों के लिए मुआवजे की मांग की।
जागरण संवाददाता, देवरिया। अर्णब चक्रवात के प्रभाव से हुई बेमौसम वर्षा और तेज हवा से कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिरकर डूब गई है। कई जगह कटाई के बाद रखी उपज भी बारिश में भीग गई है। गन्ने की फसल गिरने से नुकसान हुआ है। खेतों में जलभराव के कारण गेहूं, आलू, दलहन और तिलहन की अगेती बुवाई भी प्रभावित होने की आशंका है। इससे खरीफ के साथ रबी की खेती पर भी संकट मंडराने लगा है।
तरकुलवा संवाद सूत्र के अनुसार, धान के अलावा गन्ने की फसल भी जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं खेतों में पानी भरने के कारण गेहूं, आलू, दलहन और तिलहन की अगेती प्रजातियों की बुवाई में देरी हो सकती है। हरी सब्जियों और नर्सरी में तैयार छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा है। खुखुंदू संवाद सूत्र के अनुसार, खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिरकर पानी में डूब गई। कटी हुई धान की उपज के सड़ने की आशंका भी बढ़ गई है। रामलक्षन संवाद सूत्र के अनुसार, क्षेत्र के भृगुसरी, अवधपुर, बेलकुंडा, छितहींबाजार और कटाई गांवों में दर्जनों एकड़ फसल प्रभावित हुई है।
बरहज संवाददाता के अनुसार, विकासखंड के नदुआ, कपरवार व भरहा समेत कई गांवों में लगातार बारिश से धान की खड़ी फसल खेतों में गिर गई है। सतरांव संवाद सूत्र के अनुसार, क्षेत्र के दर्जनों गांवों में धान की पककर तैयार फसल खेतों में बिछ गई है। गहिला, कटियारी, कहाव, डेहरी, पैना, डुमरिया कोल, गड़ौना, पिपरा बेनी, पिपरा भुल्ली और पलिया समेत कई गांवों में फसल को नुकसान पहुंचा है।
सांसद ने मुआवजा दिए जाने की मांग की
सलेमपुर: बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए सलेमपुर के सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने जिला प्रशासन से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वेक्षण कराने और किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी खून-पसीने की कमाई लगाकर दिन-रात मेहनत करता है।
फसल तैयार होने पर पूरे परिवार की उम्मीदें उससे जुड़ी होती हैं। सांसद ने जिला प्रशासन से राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर गांव-गांव फसल क्षति का सर्वे कराने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।