विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुकमा नक्सली हमले में देवरिया के CRPF सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव बलिदान, करजहां गांव में पसरा मातम

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:29 PM (IST)

छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में देवरिया के करजहां गांव के सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव बलिदान हो गए। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. देवरिया के देवानंद यादव सुकमा नक्सली हमले में बलिदान।

  2. सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर 2022 में हुए थे भर्ती।

  3. पार्थिव शरीर बुधवार सुबह पैतृक गांव करजहां पहुंचेगा।

जागरण संवाददाता, देवरिया। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सली हमले में देवरिया के करजहां गांव के रहने वाले सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर 25 वर्षीय देवानंद यादव बलिदान हो गए। सोमवार रात हुई घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ जुटने लगी है।

छोटे भाई सत्या यादव ने बताया कि बुधवार सुबह उनके भाई का पार्थिव पैतृक गांव करजहां पहुंचेगा। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बटालियन लौटते समय हमला

देवानंद यादव पुत्र रामानंद यादव वर्ष 2022 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में थी। सोमवार रात वह टीम के साथ जंगल में ड्यूटी करने के बाद बटालियन लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। हमले में देवानंद गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। देवानंद दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई सत्या यादव लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बेटे के बलिदान की खबर से मां शैला देवी बदहवास हैं। तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन रिंकी इंटरमीडिएट की छात्रा है।

परिवार के लिए यह दुख सहन करना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण हरेराम यादव व धर्मेंद्र यादव ने बताया कि देवानंद बचपन से ही होनहार थे। उनके बलिदान की खबर से गांव में मातम पसरा है। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान धमाका, CRPF के 4 जवान घायल

यह भी पढ़ें- सुकमा में माओवाद का अंत, 25 लाख रुपये के इनामी पापाराव समेत 17 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण