रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम
हांलाकि की लोगों की होती हुई असुविधा को देखते हुए लोगों ने लगभग आधे घंटे बाद जाम खोल दिया।
देवरिया: रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज होकर उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के सामने भटनी-भरथुआ मार्ग जाम कर दिया, जिससे लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने सड़क खाली कर दिया। इसके बाद आवागमन शुरू हो गया। एक गैस एजेंसी के गोदाम पर पिछले कई दिनों से उपभोक्ता पहुंच रहे थे और हर बार गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की बात कहते हुए अगले दिन आने का आश्वासन मिल रहा था और लोगों को खाली हाथ वापस आना पड़ रहा था। गैस एजेंसी कर्मियों द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार लोग शुक्रवार को सुबह पांच बजे से गोदाम पर सिलेंडर लेकर जमा होने लगे। जब उन्हें पता चला कि गैस उपलब्ध नहीं है तो उनके धैर्य का बांध टूट गया। उपभोक्ता आक्रोशित हो गए और भटनी-भरथुआ मार्ग को सिलेंडर रखकर जाम कर दिया। सड़क जाम होने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने लगी। इसी बीच भटनी थानाध्यक्ष अश्वनी राय मय फोर्स मौके पर पहुंच भी गए। लेकिन उनके पहुंचने के पूर्व ही आवागमन चालू हो गया था।