विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, परिवार वालों को बंधाया ढांढस

Published: Mon, 09 Nov 2026 01:52 PM (IST)Updated: Mon, 09 Nov 2026 02:03 PM (IST)

पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष और देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके पैतृक ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई हैे।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई हैे।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी।

  2. पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन, लंबे समय से बीमार थे।

  3. उनका सैन्य और राजनीतिक जीवन देशसेवा का अनुकरणीय उदाहरण।

जागरण संवाददाता, देवरिया। पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष एवं देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सांसद शशांक मणि त्रिपाठी समेत अन्य स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य और राजनीतिक जीवन देशसेवा के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। करीब आधे घंटे तक रहने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में सुबह 11:15 बजे निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार की सुबह करी दस बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरपार पहुंचा।

अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंतिम संस्कार बरहज में सरयू नदी के तट पर होगा।

13 अक्टूबर 1934 को जन्मे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने एमएससी (डिफेंस स्टडीज) की शिक्षा प्राप्त की थी। जून 1955 में भारतीय सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर उन्होंने सैन्य जीवन की शुरुआत की। जम्मू-कश्मीर में सेवाएं देने के बाद फरवरी 1957 में वह 63 कैवेलरी में शामिल हुए। वर्ष 1964-65 के दौरान नागालैंड में स्क्वाड्रन कमांडर के रूप में जिम्मेदारी निभाई।

वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने बांग्लादेश मोर्चे पर सैन्य कमान संभाली। इसके बाद वर्ष 1976 में मिजोरम में उग्रवाद विरोधी अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सैन्य सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए वर्ष 1992-93 में उप थल सेनाध्यक्ष के पद तक पहुंचे। उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा पदक और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 1996 और 1999 में देवरिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर दो बार लोकसभा पहुंचे। सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक जीवन में सक्रियता उनकी पहचान रही।

परिवार में पत्नी शशि त्रिपाठी, पुत्र एवं सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, व्यवसायी मृगांक मणि त्रिपाठी और पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं। श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, विधायक दीपक मिश्र शाका, एमएलसी डा. रतनपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय दुबे, मारकंडेय शाही, जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, अजय दुबे, जितेंद्र सिंह और नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद के निधन पर श्रद्धांजलि देने देवरिया आएंगे मुख्यमंत्री योगी, डीएम-एसपी तैयारी में जुटे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।