दरवाजे पर खेल रही मासूम को कार ने रौंदा, मौत
शहर के न्यू कालोनी में दोपहर बाद हादसा हुआ। कार चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया।
देवरिया: शहर के न्यू कालोनी मोहल्ले में गुरुद्वारा के पीछे दरवाजे पर खेल रही चार साल की मासूम नित्या को कार ने शनिवार की दोपहर बाद रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने संबंधित कार को कब्जे में ले लिया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम बिदवलिया निवासी राकेश सिंह की पत्नी विनीता अपने दो बेटे व इकलौती बेटी नित्या के साथ शहर के न्यू कालोनी स्थित विश्वनाथ के मकान में किराए पर रहती हैं। दोनों बेटे निजी विद्यालय में पढ़ते हैं। पति राकेश विदेश में रहते हैं। दोपहर बाद नित्या दरवाजे पर खेल रही थी, इस बीच एक कार तेजी से गुजरी और नित्या कार की चपेट में आ गई। दोनों पहिया बच्ची के शरीर पर से गुजर गया। घटना के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बेटी का शव देखते ही विनीता दहाड़ मारने लगीं। रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं। सदर कोतवाल अरुण मौर्या ने कहा कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।