रैन बसेरा बनाने के विरोध में डीएम से मिले व्यापारी
देवरिया में श्री सत्यनारायण भगवान मंदिर के पास रैन बसेरा बनाने को लेकर व्यापारियों ने विरोध जताया है।
देवरिया: मालवीय रोड स्थित ओवर ब्रिज के नीचे नगर पालिका द्वारा स्थाई रैन बसेरा व शौचालय बनाए जाने के विरोध में जनपद व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारी गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम अग्रवाल ने कहा कि स्थायी रैन बसेरा बनाए जाने से वहां के व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा। श्याम सुंदर भगत ने कहा कि यह स्थल शहर का प्राचीन व पवित्र स्थल श्री सत्यनारायण भगवान का मंदिर है। हर साल यहां होलिका का कार्य भी किया जाता है। यहां के व्यापारियों का व्यापार ओवरब्रिज बन जाने से पहले ही चौपट हो चुका है।
संगठन के अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने कहा कि मालवीय रोड शहर का हृदय स्थल है। इस ओवर ब्रिज के नीचे होलिका दहन किया जाता है। इसलिए जनपद व्यापार मंडल यहां शौचालय एवं रैन बसेरा बनाए जाने के प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करता है। प्रस्ताव का विरोध किया गया तो व्यापार मंडल इसका पुरजोर विरोध करेगा। इससे पहले व्यापारियों ने नपा अध्यक्ष अलका सिंह व अधिशासी अधिकारी एसपी सिंह से भी मुलाकात की।
प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री जीवन लाल बरनवाल, ऋषि नागरथ, राजीव रतन नागरथ, मुरारी खेतान, गोरख मद्धेशिया, रिधि रंजन नागरथ, आनंद अग्रवाल, संतोष बरनवाल शामिल रहे।