इंदूपुर मेले में सिपाही पर हमला, आरोपी विधायक के घर से गिरफ्तार
इंदूपुर मेले में ड्यूटी पर तैनात सिपाही को भाजपा नेता के भाई ने थप्पड़ मारा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
मेले में सिपाही को भाजपा नेता के भाई ने थप्पड़ मारा।
आरोपी श्याम सिंह सोलंकी विधायक के घर से गिरफ्तार।
सरकारी काम में बाधा और मारपीट का मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, देवरिया। इंदूपुर मेले में मंगलवार की देर शाम सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सिपाही को भाजपा नेता के भाई ने थप्पड़ जड़ दिया। मेले में विवाद शांत कराने पहुंचे आरक्षी राजकेश्वर के साथ हुई यह घटना चर्चा का विषय बना है। इस मामले में सिपाही और मेले में पिटाई से घायल युवक ने गौरीबाजार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गौरीबाजार पुलिस ने दो आरोपितों में एक आरोपित को रुद्रपुर विधायक के लक्ष्मीपुर स्थित घर के दरवाजे से उठाया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मंगलवार की देर शाम इंदूपुर मेले में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मदनपुर थाने में तैनात आरक्षी राजकेश्वर की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान कुछ लोग आपस में विवाद करने लगे और एक व्यक्ति की पिटाई करने लगे। मौके पर मौजूद सिपाही ने बीच-बचाव करते हुए झगड़े का कारण पूछा तो वहां खड़े भाजपा नेता के भाई श्याम सिंह सोलंकी ने पलट कर थप्पड़ जड़ दिया। इंदुपुर के श्याम सिंह सोलंकी व शिवम तिवारी दोनों के विरुद्ध पुलिस ने सरकारी काम काज में बाधा व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश में जुट गई।
घटना के बाद सिपाही ने फोन पर गौरी बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक को अपनी आपबीती बताई। उसने कहा कि मेले में कुछ लोग एक व्यक्ति को पीट रहे थे। बीच-बचाव करने और हस्तक्षेप करने पर आरोपितों ने उसे ही सरेआम थप्पड़ मार दिया।
मेला प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना मुख्य मेला परिसर के अंदर नहीं, बल्कि बाहर सड़क पर हुई है। दूसरी ओर गौरी बाजार के प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय राय ने बताया कि सिपाही और भाजपा नेता के भाई के बीच हाथापाई होने की सूचना मिली है। सिपाही मदनपुर थाने पर तैनात है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर पथराव, 6 पुलिसकर्मी निलंबित, 20 पर केस
गौरी बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय राय ने बताया कि सिपाही राजकेश्वर चौहान थाना मदनपुर और अभय प्रजापति निवासी जंगल परसोत्तिमा, गौरीबाजार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपितों श्याम सिंह सोलंकी और शिवम तिवारी निवासी इंदूपुर गौरीबाजार के खिलाफ सरकारी काम काज में बाधा व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एक आरोपित श्याम सिंह सोलंकी को रुद्रपुर के विधायक जय प्रकाश निषाद के दरवाजे से गिरफ्तार किया गया है। दूसरे की तलाश जारी है।
