मार्ग दुर्घटना में दो की मौत, तीन घायल
देवरिया के एकौना व भलुअनी थाना क्षेत्रों में हुए हादसे।
देवरिया: जिले में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुईं मार्ग दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए।
रुद्रपुऱ संवाददाता के अनुसार एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम बैदा निवासी 55 वर्षीय संगत साहनी, जगदीश निषाद व दीनानाथ साहनी एक ही बाइक से गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। खोपा गांव के समीप चार पहिया ने ठोकर मार दिया। जिससे तीनों घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने संगत साहनी को मृत घोषित कर दिया। दीनानाथ व जगदीश मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
बरहज संवाददाता के अनुसार भलुअनी थाना क्षेत्र के जरार मोड़ के समीप बाइक के नीलगाय से टकरा जाने से बरहज के वार्ड संख्या 21 निवासी 33 वर्षीय अजीत कुमार गुप्त पुत्र अशोक गुप्त की मौत हो गई। वह शुक्रवार की रात अपने साथी सोनू वर्मा के साथ बाइक से देवरिया से लौट रहे थे। जरार मोड़ के समीप उनकी बाइक से नीलगाय टकरा गई। अजीत की मौके पर ही मौत हो गई। सोनू वर्मा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अजीत कुमार साफ्टवेयर इंजीनियर थे, कोरोना काल में ही अपने घर आए थे।