किशोरों के साथ किया जाए अच्छा व्यवहार
जिला परिवीक्षा अधिकारी प्रभात कुमार ने बालकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की बात कहते हुए वन स्टाप सेंटर के बारे में जानकारी दी।
देवरिया: पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में शुक्रवार को विशेष किशोर पुलिस इकाई की समीक्षा की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शिवेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि किशोरों के साथ अच्छा व्यवहार करें, अगर कोई गलती करते हैं तो उन्हें अच्छे तरीके से समझाएं। कहा कि किशोर न्याय अधिनियम व पाक्सो एक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
ग्राम व ब्लाक स्तर पर बाल संरक्षण समितियों, देख-रेख संरक्षण एवं विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद जनपद के विभिन्न थानों पर बाल कल्याण अधिकारी, विशेष किशोर पुलिस, जिसमें एक उपनिरीक्षक, महिला आरक्षी व एक पुरुष आरक्षी को जेजे एक्ट के तहत नामित किया गया। बाल संरक्षण अधिकारी जयप्रकाश तिवारी ने बाल संरक्षण सेवाएं, विशेष किशोर पुलिस इकाई, फास्टर केयर योजना, जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति चाइल्ड लाइन 1098, बाल विवाह पर विशेष प्रकाश डाला। जिला परिवीक्षा अधिकारी प्रभात कुमार ने बालकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की बात कहते हुए वन स्टाप सेंटर के बारे में जानकारी दी। सीओ सलेमपुर वरुण कुमार मिश्र ने विशेष किशोर पुलिस इकाई के कार्य व जिम्मेदारियों से अवगत कराया। कहा कि पुलिस सादे वर्दी एवं बिना हथकड़ी के बालकों के साथ रहेगी।