'2024 में हराया, 2027 में भी हराएंगे', देवरिया में अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने देवरिया में कहा कि सपा ने 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया और 2027 विधानसभा चुनाव में भी हराएगी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव। फाइल फोटो
HighLights
सपा 2024 के बाद 2027 में भी भाजपा को हराएगी।
अखिलेश ने भाजपा पर राजभर को धोखा देने का आरोप लगाया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की खराब स्थिति पर सरकार को घेरा।
जागरण संवाददाता, देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराया था। अब 2027 के विधानसभा चुनाव में भी हराएंगे। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है और समाजवादी पार्टी उसके साथ खड़ी है।
उन्होंने भाजपा पर सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें दो सीटें दीं। इससे ज्यादा सीटें मिली हों तो बताइए।
उन्होंने कहा कि हमने राजभर से कहा था कि योगी जी की कुर्सी खींचो, हम समर्थन करेंगे। अखिलेश यादव शुक्रवार को लार क्षेत्र के रक्सा गांव में पूर्व विधायक स्व. सुरेश यादव की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की स्थिति का जिक्र कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर चलकर देखिए, कितने गड्ढे मिल जाएंगे। गोरखपुर में नाव चलने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर भी तंज कसा। कहा कि मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बन जाते हैं।
उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। अन्य हादसों में मृत लोगों के प्रति भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूर्व विधायक स्व. सुरेश यादव के योगदान को कभी नहीं भुला सकती। अंत में कार्यक्रम में मौजूद लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में संजयन तिवारी को जिताने की अपील
अखिलेश यादव ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में संजयन तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को छोड़ दें तो अब तीन महीने भी नहीं बचे हैं। करीब 45 से 50 दिन का समय रह गया है। इस चुनाव में गिनती के वोट हैं, इसलिए हर वोट महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिक्षकों से संजयन तिवारी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि वह शिक्षक हैं और सदन में पहुंचकर अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने निष्पक्ष मतदान का आग्रह किया और कहा कि कोई बेईमानी न करें।
यह भी पढ़ें- 'नाम बदलने और एयरपोर्ट बेचने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही', बलिया में बोले अखिलेश यादव
