'नाम बदलने और एयरपोर्ट बेचने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही', बलिया में बोले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने बलिया में केंद्र व प्रदेश सरकार पर एयरपोर्ट निजीकरण, अयोध्या में विस्थापितों को उचित मुआवजे की कमी ...और पढ़ें
HighLights
अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट निजीकरण और नाम बदलने पर सरकार को घेरा।
अयोध्या विस्थापितों को उचित मुआवजा न मिलने का आरोप लगाया अखिलेश ने।
भाजपा को हराना सपा का लक्ष्य, बलिया में प्रतिमा की घोषणा।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए एयरपोर्ट के निजीकरण, अयोध्या में विस्थापितों को उचित मुआवजा नहीं मिलने और श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित चोरी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि सरकार एयरपोर्ट बनाकर उन्हें निजी हाथों में सौंप रही है। जिस दिन किसी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी, उसी दिन उसे बेच दिया जाएगा। तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने वाली व एयरपोर्ट बेचने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही है। उन्होंने भाजपा को हराना अपनी पार्टी का लक्ष्य बताया।
यूपी चुनाव में गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें सीटों से नहीं, बल्कि जीत से मतलब है। वह शुक्रवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के नवानगर ब्लाक के गोसाईपुर गांव में पूर्व नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मंत्री रहे स्व. राम गोविंद चौधरी के स्वजन से मिलने पहुंचे थे। श्रद्धांजलि अर्पित करने और परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने पेट्रोल में इथेनाल मिलाने के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी बोतल में इथेनाल के साथ गलत पदार्थ मिला दिया जाए तो क्या होगा। उन्होंने कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान नहीं हटना चाहिए। सरकार को इन सवालों पर जवाब देना चाहिए।
बलिया में लगेगी राम गोविंद चौधरी की प्रतिमा
अखिलेश यादव ने स्व. राम गोविंद चौधरी को याद करते हुए कहा कि वह बलिया की पहचान और जिले का बल थे। उनकी जमीनी पकड़ और समस्याओं की जानकारी व्यापक थी। सदन के भीतर और बाहर उनके तीखे तथ्यों का जवाब देना आसान नहीं था। उनके नाम में राम और गोविंद दोनों का संगम था, जो त्रेता और द्वापर की याद दिलाता है।
उन्होंने बलिया के क्रांतिकारियों की पहचान को आगे बढ़ाया और अपने भाषणों व कार्यों में जिले को हमेशा प्राथमिकता दी। उनके निधन से पार्टी ने एक जमीनी नेता खो दिया है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा और पार्टी स्व. चौधरी के परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
एयरपोर्ट के निजीकरण और नामकरण पर को लेकर घेरा
एयरपोर्ट के निजीकरण और नामकरण से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा कि केंद्र सरकार छोटे-बड़े एयरपोर्ट निजी हाथों में सौंप रही है। जिस दिन किसी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी, उसी दिन उसे बेच दिया जाएगा।
नाम बदलने की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने जीवनकाल में ही अपने नाम पर नामकरण कराना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें भरोसा नहीं है कि बाद में कोई उनके नाम पर ऐसा करेगा। उन्होंने कहा कि नाम बदलने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही है।
अयोध्या के विस्थापितों के साथ छल का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अयोध्या के लोगों के साथ भेदभाव किया है। विकास कार्यों के लिए जिनकी जमीन, घर और दुकानें ली गईं, उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों को उचित लाभ नहीं मिला।
श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सवाल किया कि आस्था रखने वालों के चढ़ावे में चोरी होने पर सरकार क्या जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
राम-कृष्ण और शिव के आदर्श अपनाने की बात
धार्मिक आस्था से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा कि देश का हर गरीब राम, कृष्ण और शिव को मानता है। डा. राममनोहर लोहिया ने भी राम, कृष्ण और शिव के महत्व पर लिखा है। इन महापुरुषों की अच्छाइयों को अपने जीवन में उतारना ही सच्चा आदर्श है। उन्होंने कहा कि उनके बताए मूल्यों को अपनाना महत्वपूर्ण है।
भाजपा को हराना लक्ष्य- अखिलेश
आगामी चुनाव की रणनीति पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हराना समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है और इसके लिए पार्टी काम करेगी। सीटों और जीत को आधार बनाकर रणनीति तैयार की जाएगी।
राष्ट्रपति से मुलाकात और राहुल गांधी के साथ जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता संबंधित कार्यक्रम में शामिल हैं। वह स्वयं पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार भाग ले रहे हैं और इस दौरान राम गोविंद चौधरी के परिवार से मिलने बलिया आए थे।
