ऐसे मनाएं दीपावली
आंजनेय दास जी महाराज। जागरण बरहज : दीपावली प्रकाश व खुशियों का त्योहार हैं। सादगी के साथ मनाने
आंजनेय दास जी महाराज। जागरण
बरहज : दीपावली प्रकाश व खुशियों का त्योहार हैं। सादगी के साथ मनाने पर त्योहार की खुशिया दोगुनी हो जाती हैं। बच्चे पटाखा जलाते समय झुलस जाते हैं। हमें बच्चों पर ध्यान देना चाहिए। यह बात नगर के बुद्धिजीवियों ने जागरण को अपनी प्रतिक्रिया में कही।
दीपावली सादगी पूर्वक मनाएं। पटाखे का प्रयोग बिल्कुल न करें, ताकि पर्यावरण प्रदूषित होने से बचे। मिट्टी से बने परंपरागत दीये का प्रयोग करें। इससे पर्यावरण भी स्वच्छ होगा और कुम्हारों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा और हमारे साथ उनकी भी दिवाली रोशन होगी। इलेक्ट्रानिक झालरों का कम प्रयोग करें, ताकि बिजली की बचत हो।
आंजनेय दास महाराज
पीठाधीश्वर परमहंसाश्रम
--------------------
डा. केके श्रीवास्तव। जागरण
दीपावली खुशी का त्योहार है। हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे किसी को कष्ट पहुंचे। पटाखा का कम से कम प्रयोग करें। तेज आवाज वाले पटाखे तो बिल्कुल न फोड़े। तेज आवाज दिल के मरीजों के लिए नुकसानदायक है। इससे उन्हें दिल का दौरा भी पड़ सकता है। ध्वनि व वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। दीपावली सादगी के साथ मनाएं। साफ सफाई का ध्यान रखें। आस-पास गंदगी न रहने दें।
डा.केके श्रीवास्तव
चिकित्सक
-----------------------
संकल्प : नहीं जलाएंगे पटाखे
देवरिया : पर्यावरण बचाने के लिए दीपावली पर्व पर पटाखे जलाने से पर्यावरण को हो रहे नुकसान के प्रति अवाम को जागरूक करने के लिए दैनिक जागरण के अभियान के क्रम में मंगलवार को न्यू जेनिथ स्कूल बरहज के छात्र/छात्राओं ने तेज आवाज के पटाखे न जलाने तथा इसके प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
संकल्प दिलाते हुए प्रधानाध्यापक फायानाथ यादव ने कहा कि पटाखा जलाने से हमें आर्थिक नुकसान तो होता ही है, पर्यावरण व स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ता है। कई बार बच्चे पटाखा जलाते समय झुलस जाते हैं। इस अवसर पर अनीता देवी, नीलू जायसवाल आदि मौजूद रहे।
------------------------
पटाखा न जलाने का संकल्प
जागरण संवाददाता, सलेमपुर/देवरिया: पर्यावरण संरक्षण को लेकर छात्र-छात्राएं जागरूक होने लगे हैं। मंगलवार को जीएम एकेडमी के छात्रों ने दीपावली पर पटाखा न जलाने का संकल्प लिया और दीपावली के दिन एक पौध लगाने की भी बात कही। उधर गुरुकुल मिशन में भी कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को शपथ दिलाई गई।
विद्यालय के प्रशासक मोहन द्विवेदी ने कहा कि जगह-जगह पेड़ कट रहे हैं। दिन-दिन भर गाड़ियां धुंआ देते चल रही हैं। इसके चलते पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। दीपावली के दिन पटाखा जलाने से बचें। उधर औरंगाबाद के समीप स्थित गुरुकुल मिशन पब्लिक स्कूल में भी दीपावली के दिन पटाखा न जलाने का छात्रों को संकल्प दिलाया गया। ------------------------
पटाखा नही जलाएंगे, प्रदूषण दूर भगाएंगे
जागरण संवाददाता, भाटपाररानी/देवरिया : बीएन पब्लिक स्कूल में छात्रों को मंगलवार को दीपावली में तेज आवाज वाले पटाखे न जलाने की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने एक स्वर से कहा कि पटाखे नही जलाएंगे प्रदूषण दूर भगाएंगे।
प्रधानाचार्य अरविंद प्रकाश ने कहा कि पटाखा हर तरह से हमारे लिए नुकसानदायक है। पर्यावरण की रक्षा हम सभी का दायित्व है। छात्र यहां से घर जाएं तो पास पड़ोस के बच्चों को भी पटाखा न जलाने के लिए प्रोत्साहित करें। यहां अजय गुप्ता, हिमांशु गुप्ता नेहा गुप्ता, संध्या यादव, सोनू रजक मौजूद रहे।