विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माता के दर्शन करने पहुंचे थे दो युवक, मंदिर की सीढ़ियों पर बैठा दिखा टाइगर; आधे घंटे तक थमी रही सांसें

Published: Mon, 05 Oct 2026 12:30 PM (IST)

चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व में आनंदी माता मंदिर की सीढ़ियों पर एक टाइगर दिखाई देने से दर्शनार्थियों में दहशत फैल गई।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. रानीपुर टाइगर रिजर्व के आनंदी माता मंदिर में दिखा टाइगर।

  2. दर्शनार्थियों ने सीढ़ियों पर देखा, आधे घंटे तक रुके रहे।

  3. वन विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।

संवाद सूत्र, चित्रकूट। रानीपुर टाइगर रिजर्व के मरवारिया जंगल में रविवार शाम आनंदी माता मंदिर की सीढ़ियों पर टाइगर दिखाई देने से दर्शनार्थियों में दहशत फैल गई। दर्शन कर लौट रहे दो युवकों की टाइगर पर नजर पड़ी तो दोनों घबराकर मंदिर की चौखट पर लौट गए।

करीब आधे घंटे तक दोनों टाइगर के जंगल की ओर जाने का इंतजार करते रहे। कुछ देर बाद टाइगर सीढ़ियों से सटे जंगल की ओर चला गया, तब दोनों वहां से सावधानी से निकले।

रानीपुर गांव निवासी देवेंद्र कुशवाहा रविवार शाम करीब चार बजे बांदा निवासी अपने मित्र मुन्ना वर्मा के साथ मरवारिया पहाड़ स्थित आनंदी माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद दोनों सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सीढ़ियों पर बैठे टाइगर पर पड़ी।

80826057

कई दिनों से टाइगर के पदचिह्न मिलने की बात सामने आ रही है

सामने टाइगर देखकर दोनों बिना कोई जोखिम उठाए वापस मंदिर की चौखट तक पहुंच गए। दोनों ने करीब आधे घंटे तक वहीं रुककर टाइगर के जंगल में जाने का इंतजार किया। कुछ देर बाद टाइगर सीढ़ियों से सटे जंगल की ओर चला गया। इसके बाद दोनों सावधानी से मंदिर से निकले और मानिकपुर पहुंचकर राहत की सांस ली। घटना से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं में भी वन्यजीवों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वन क्षेत्राधिकारी सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बारिश के बाद जंगल में हरियाली और पानी की उपलब्धता बढ़ने से वन्यजीवों की सक्रियता बनी हुई है।

मरवारिया जंगल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से टाइगर के पदचिह्न मिलने की बात सामने आ रही है। मंदिर के आसपास टाइगर के पहुंचने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

वन विभाग की ओर से लोगों को जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने के लिए सतर्क किया गया है।

यह भी पढ़ें- चारपाई से लेकर घर के पूरे सामान के साथ चल रहे 308 पहियों वाले 'महाट्रक' के कर्मचारी, हर दिन बन रहा 30 लोगों का खाना