चित्रकूट, जासं। विद्युत कर्मियों की 72 घंटे कार्य बहिष्कार के बीच, काम से गायब व मोबाइल फोन बंद किए छह संविदा कर्मियों को सेवा प्रदाता कंपनी ने बर्खास्त कर दिया है। हड़ताल के दौरान जिले में यह पहली कार्रवाई है।

सेवा प्रदाता कंपनी के सुपरवाइजर मनीष कुमार राय ने बताया कि छह संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त की गई है जिसमें फीडर छीबों के लाइनमैन कमेलश पुत्र रामकृष्ण, मऊ के अशोक कुमार पुत्र संतोष कुमार, मानिकपुर के कमल कुमार प्रजापति पुत्र शांति प्रकाश, पहाड़ी के मान सिंह पुत्र सत्यनारायण, कसहाई के अश्वनी पुत्र रामवरन सिंह और भदेदू राजापुर के अशोक कुमार पाल पुत्र शिवनारायण शामिल हैं।

ये सभी मोबाइल फोन स्विच आफ किए हैं। अधिकारियों के कहने के बाद भी काम नहीं सुन लगे हैं। जबकि इनके इलाके में लाइन फाल्ट से लोग परेशान हैं। यह इस कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को पत्र लिखा था। जिस पर आज सेवा समाप्त की गई है। बता दें कि विद्युत कर्मियों की हड़ताल शुरु होने से पहले ही जिले की बिजली आपूर्ति चरमराने लगी थी।

क्योंकि बिजलीकर्मी 72 घंटे की हड़ताल के पहले ही दो दिन से कार्य बहिष्कार पर डट गए हैं। गुरुवार की रात से 72 घंटे की हड़ताल से और हालत बिगड़ गई है। वैसे जिला प्रशासन ने काफी इंतजाम किए हैं। ज्यादातर लाइनों में अस्थाई तौर पर अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाया गया है। हड़ताल के कारण विद्युत वितरण खंड राजापुर में असर अधिक है मऊ, सरधुवा, भदेदू, छीबों व मानिकपुर पावर हाउस से जुड़े फीडर प्रभावित हैं।

Edited By: Prabhapunj Mishra