पहाड़ी में महिला की मौत पर हत्या का मुकदमा
संवाद सहयोगी पहाड़ी (चित्रकूट) शुक्रवार रात को पहाड़ी थानांतर्गत एक गांव में विवाहिता
संवाद सहयोगी, पहाड़ी (चित्रकूट) : शुक्रवार रात को पहाड़ी थानांतर्गत एक गांव में विवाहिता के फांसी लगाकर जान देने के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष ने ननद, सास व पति के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई है।
जिले के राजापुर थानाक्षेत्र के अतरौलीमाफी निवासी श्रीचंद्र ने बताया कि 26 वर्षीय बहन सोना बिट्टी की शादी तीन साल पहले पहाड़ी थाने के औदहा निवासी रंजीत उर्फ ददुली के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले बहन को दहेज में सोने की जंजीर नहीं देने को लेकर प्रताड़ित करते थे। ननद व सास से भी विवाद होता था। आरोप है कि शुक्रवार को फांसी के फंदे पर लटका कर उसे मार डाला। इसके बाद उसको फोन पर बहन की तबीयत खराब होने की सूचना दी। 15 मिनट बाद ही मौत की सूचना आ गई। इससे आशंका है कि हत्या की गई है। बताया कि मृतका अंतिम संस्कार करने के लिए ससुराल वाले जा रहे थे तब उन लोगों ने पहुंचकर रोका। पहाड़ी थानाध्यक्ष दीन दयाल सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर ननद सोना देवी, सास तितली देवी और पति रंजीत के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।