मानसिक बीमार युवक ने होमगार्ड व किसान पर किया हमला
संवाद सहयोगी मऊ (चित्रकूट) थाना से ड्यूटी कर घर लौट रहे होमगार्ड पर अज्ञात लोगों ने ह
संवाद सहयोगी, मऊ (चित्रकूट) : थाना से ड्यूटी कर घर लौट रहे होमगार्ड पर अज्ञात लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। होमगार्ड का आरोप है कि गोली मारी गई जो उसके गाल को छूते निकल गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस घटना के पीछे मानसिक विक्षिप्त युवक का हाथ बताया है जिसने थोड़ी देर बाद एक किसान पर भी लाठी से हमला किया था। पुलिस का कहना है कि गोली चलने की बात गलत है। बाइक गिरने से रगड़ लगी है।
यह घटना मवई कला गांव के पास हुई। बरवार निवासी 45 वर्षीय होमगार्ड बुधराज मऊ थाना में तैनात है शनिवार की भोर करीब चार बजे वह ड्यूटी करके बाइक से घर आ रहे थे। उनके मुताबिक मवई कला गांव के पास पहुंचे तो कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। गोली भी चलाई गई जो गाल को छूते हुए निकल गई। जबकि मऊ थाना प्रभारी सुभाषचंद्र चौरसिया का कहना है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त बच्चा यादव ने होमगार्ड पर लाठी से हमला किया था। बाइक के असंतुलित होने से होमगार्ड बुधराज सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। गाल में खरोंच व रगड़ के निशान है। उसने तहरीर में विक्षिप्त युवक द्वारा हमला करने की बात कही है। इस घटना के कुछ देर बाद ही बच्चा यादव ने 25 वर्षीय किसान कुशल निवासी मवई कला पर भी लाठी से हमला कर चोट पहुंचाई है। तभी उसकी पहचान हुई थी। लगभग दो-तीन साल से बच्चा यादव की दिमागी हालत ठीक नहीं है।