रास्ता भटके विदेशी सैलानी, पुलिस बनी मददगार
संवाद सूत्र बरगढ़ (चित्रकूट) यूं तो पुलिस की छवि को लेकर अक्सर ही सवाल उठते हैं लेकिन रैपुरा
संवाद सूत्र, बरगढ़ (चित्रकूट) : यूं तो पुलिस की छवि को लेकर अक्सर ही सवाल उठते हैं लेकिन रैपुरा पुलिस ने मित्र पुलिस की ऐसी छवि पेश की, जो देश ही नहीं विदेश में भी भारत की अच्छी छाप छोड़ेगी। अतिथि देवो भव: की परिभाषा को साकार करते हुए पोलैंड के दो भटके हुए सैलानियों की मदद करने के साथ उन्हें वाराणसी भिजवाया। दोनों भारत के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों को देखने आए हैं। उनके पास पैसे खत्म हो गए थे।
रैपुरा थाना प्रभारी अरुण कुमार पाठक को शुक्रवार रात आठ बजे सूचना मिली कि झांसी-मीरजापुर हाईवे पर बोड़ी पोखरी गांव के चौराहे पर दो विदेशी नागरिक बैठे हैं। उन्होंने तुरंत फोर्स भेजकर दोनों को थाने बुलवाया और पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम पोलैंड निवासी एलेक्स रोगोवस्की और दमन मिक्कीस्विक बताया। पता चला कि वह आगरा से ओरछा किला और खजुराहो घूमने गए थे। इसके बाद उनके पैसे खत्म हो गए। उन्हें बनारस जाना था, इसलिए प्रयागराज जाने के लिए एक वाहन से लिफ्ट ली लेकिन उसने उन्हें कर्वी में ही उतार दिया। यहां से दोनों रैपुरा आ गए और रास्ता भटककर चौराहे पर बैठ गए। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों को खाना खिलाया गया और मानिकपुर जंक्शन पर ले जाकर वाराणसी जाने वाली ट्रेन पर बैठा दिया गया। पांच सौ रुपये भी दिए गए ताकि वह रास्ते में भी भूखे न रहें। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा रही है। सैलानियों ने बोला थैंक्यू पुलिस
भटके विदेशी सैलानी थाने पर भोजन मिलने के बाद बेहद खुश नजर आए। भारत में अतिथि भगवान हैं, यह सुना था लेकिन आज इस भाव से रूबरू भी हो गए। उन्होंने पुलिस को थैंक्यू भी बोला।