कांग्रेस ने दी कुशल पटेल को जिला संगठन की कमान
कांग्रेस ने कुशल पटेल को दी जिला संगठन की जिम्मेदारी
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : मंगलवार को कांग्रेस संगठन में नए जिलाध्यक्षों की ताजपोशी में चित्रकूट की जिम्मेदारी कुशल सिंह पटेल को मिली है। पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने लोकसभा चुनाव के दौरान अब तक अध्यक्ष रहे पंकज मिश्र पर ठीक ढंग से मदद नहीं करने के आरोप लगाए थे। वैसे, नई तैनाती के पीछे प्रियंका वाड्रा के कमान संभालने के बाद पूरे संगठन में हुए बदलाव को वजह माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के सक्रिय होने के बाद से ही प्रदेश और जिले के संगठन में बदलाव की आहट साफ सुनाई पड़ने लगी थी। लोकसभा चुनाव के बाद पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल का खेमा मौजूदा जिलाध्यक्ष पंकज मिश्र के ठीक ढंग से सहयोग नहीं करने को लेकर नाराज था। इसकी मुखालफत भी नेतृत्व तक हुई थी। हालांकि पंकज हमेशा इससे इन्कार करते रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू तक बातें पहुंची थीं। मंगलवार को कांग्रेस के संगठन में इसकी झलक दिखी। वर्ष 2014 से चित्रकूट कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव कुशल सिंह पटेल को जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई। कांग्रेस के महासचिव केसी बेणु गोपाल की तरफ से जारी पत्र में उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई। कुशल पटेल वर्ष 2006 में कांग्रेस के छात्र संगठन से जुड़े थे। इसके बाद वर्ष 2007 से वह युवक कांग्रेस के महासचिव रहे। उन्होंने बताया कि अब कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। अनुशासनहीनता पर रोक लगाई जाएगी। सड़क पर उतरकर लोगों की समस्याएं शासन प्रशासन तक पहुंचाकर निराकरण कराएंगे।