चित्रकूट में दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को जबरन पिलाया पेट्रोल, पति समेत 4 पर केस दर्ज
चित्रकूट में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर जबरन ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
दहेज की मांग पर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया।
पति ने जबरन पेट्रोल पिलाया, तबीयत बिगड़ी।
पति समेत चार ससुरालीजनों पर मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के धौरहीमाफी की विवाहिता ने पति समेत चार ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर जबरन पेट्रोल पिलाने का आरोप लगते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। जिसके बाद एसपी के आदेश पर महिला थाना ने गुरूवार को पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया हैं।
विवाहिता सोनल ने एसपी को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 10 दिसंबर 2020 को कल्लू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद पति कल्लू, सास हीरामणि, ससुर मुन्ना और देवर छोट्टन दहेज में एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे भूखा रखकर कमरे में बंद किया जाता था और मारपीट की जाती थी। 23 अप्रैल को ससुरालीजनों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था।
महिला थाने में शिकायत के बाद 27 अप्रैल को समझौता हुआ और पति उसे वापस ले गया। महिला का आरोप हैं कि 25 जुलाई को दोबारा दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की गई और पति ने सीने पर पैर रखकर बोतल से जबरन पेट्रोल पिला दिया।
तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में 28 जुलाई को पति उसे कर्वी में छोड़कर चला गया। महिला थाना प्रभारी नीलम देवी ने बताया कि पति समेत चार के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर जान से मारने की समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया हैं।
