चित्रकूट में चुनाव से पहले ही पड़ने लगे वोट! प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाताओं ने सीखा EVM चलाने का तरीका
चित्रकूट में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाताओं को ईवीएम पर मतदान का अभ्यास कराया जा रहा है।

ईवीएम और वीवीपैट के जरिए मतदान का प्रदर्शन के शुभारंभ में वोट डालते भाजपा के जिला महामंत्री अश्वनी अवस्थी साथ में एसडीएम अजय यादव, बसपा जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल पटेल व अन्य (बाएं से दाएं)। जागरण
HighLights
मतदाताओं को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अभ्यास कराया जा रहा।
ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझाया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट, कर्वी, मऊ तहसील में प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने और ईवीएम के प्रति विश्वास बढ़ाने की पहल शुरू की गई है। अब मतदाता चुनाव से पहले ही ईवीएम पर वोट डालने का अभ्यास कर रहे हैं। इसके लिए जिले में कलेक्ट्रेट के साथ कर्वी और मऊ तहसील में प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। यहां पहुंचकर आम नागरिक मशीन पर मतदान करने के साथ वीवीपैट की कार्यप्रणाली भी समझ सकते हैं। ताकि वह अपने डाले गए वोट की सही स्थित जान सके।
ये केंद्र प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक मतदाताओं को यह सुविधा मिलेगी। केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के जरिए मतदान का प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि लोगों के मन में मशीन से मतदान को लेकर किसी तरह की शंका न रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को कार्यवाहक जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने स्वयं ईवीएम पर वोट डालकर पूरी प्रक्रिया देखी। कर्वी तहसील में भी केंद्र स्थापित किया गया है।
ईवीएम-वीवीपैट के नोडल अधिकारी एवं एडीएम (नमामि गंगे) स्वप्निल यादव ने बताया कि जागरूकता के लिए प्रदर्शन केंद्रों के अलावा मोबाइल वैन और डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लिया जाएगा। अभियान को आगे न्याय पंचायत स्तर तक ले जाने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता भी मतदान प्रक्रिया से परिचित हो सकें।
चित्रकूट के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि केंद्र पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मशीन के संचालन की जानकारी दी जा रही है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर भी तहसील परिसर में पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि पात्र लोग सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियां ठीक कराने के लिए जागरूक हों।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।