चित्रकूट में पहाड़ी में करही नाला में दर्दनाक हादसा, नहाते समय भाई गिरा तो बचाने में बहन भी डूबी, दोनों की मौत
चित्रकूट के बाबूपुर गांव में करही नाला में नहाने गए मनदीप (7) और पायल (10) नामक दो बच्चों की डूबने ...और पढ़ें

मंदीप और पायल की फाइल फोटो।
HighLights
चित्रकूट के करही नाला में नहाते समय दो बच्चों की मौत
मृतकों में 7 वर्षीय मनदीप और 10 वर्षीय पायल शामिल थे
पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों में गहरा शोक
जागरण संवाददाता, चित्रकूट/पहाड़ी। घर के सदस्य खेत गए तो रविवार की दोपहर ढाई बजे बाबूपुर गांव निवासी नाबालिग चचेरे भाई बहन बिना किसी को बताए घर से लगभग दो सौ मीटर दूर बारिश में लबालब भरे करही नाले में नहाने पहुंच गए। भाई का पैर फिसला और वह डूबने लगा तो बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया और खुद भी फिसलकर गहरे पानी में डूब गई। जानकारी होने पर स्वजन ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाल अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने दोनों के मौत की पुष्टि की।
बाबूपुर गांव के गिरधरपुरवा निवासी राममिलन यादव ने बताया कि रविवार को वह पत्नी और अन्य बच्चों के साथ खेत गया था। दोपहर को उसका सात वर्षीय पुत्र मंदीप यादव पड़ोस में ही रहने वाली चचेरी बहन कौशलेंद्र की 10 साल की पुत्री पायल के साथ घर से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित करही नाले पहुंच गए।
बारिश के चलते नाले में पानी भरा है। दोनों नाले में नहाने लगे इसी बीच मंदीप के फिसलने पर उसे बचाने का प्रयास करती पायल भी पानी में डूब गई। दोनों को तैरना भी नहीं आता था। शाम को लगभग चार बजे जब वह सब घर लौटे तो मंदीप नहीं मिला।
कुछ ही देर में कौशलेंद्र आया और बताया कि पायल भी नहीं मिल रही है। पुरवा के अशोक कुमार ने बताया कि दोनों को दोपहर को नाले की तरफ जाते देखा था। सभी लोग नाले के पास पहुंचे तो दोनों के चप्पल किनारे मिले। दोनों के डूबने की आशंका पर तलाश शुरू हुई।
आधा घंटे में मंदीप का शव पानी में उतराता मिला। स्वजन उसे लेकर सीएचसी पहाड़ी पहुंचे। उधर पायल की तलाश भी जारी थी। शाम लगभग पांच बजे पायल भी इसी नाले में घटनास्थल से 250 मीटर आगे मिली।
घटना की जानकारी होते ही अस्पताल में भीड़ एकत्र हो गई। डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इससे स्वजन व ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कैसे मनाएंगे रक्षाबंधन
रक्षाबंधन के चार दिन पूर्व इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि अबकी रक्षाबंधन का पर्व घर में कैसे मनाएंगे। पायल ने तो भाइयों के लिए राखी भी शनिवार को बाजार से खरीद ली थी। स्वजन के अनुसार पायल और मंदीप में खूब पटती थी। मंदीप के भाई अरविंद ने बताया कि पायल हर बार मंदीप को हर हाल में राखी बांधने उसके घर आती थी। पायल कक्षा चार और मंदीप कक्षा दो में पढ़ते थे। दोनों के स्वजन खेती से ही जीविकोपार्जन करते हैं।
एक सप्ताह में दूसरी घटना
जिले में बारिश के चलते नदी नालों के उफनाने से नहाने जाने के लिए स्वजन व प्रशासन के रोकने के बाद भी घटनाएं हो रही हैं। एक सप्ताह में यह दूसरी घटना हुई। 19 अगस्त गुरुवार को बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के गडरा नाले में माराचंद्रा गदाखान निवासी चचेरे भाई 13 वर्षीय शिवकुमार और 15 वर्षीय आयुष की नहाते समय डूबने से मौत हो चुकी है।
