विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम की तपस्थली चित्रकूट में एक लाख दीपों से जगमगाया मंदाकिनी तट, आकर्षण का केंद्र बना रामघाट

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:43 PM (IST)

देवोत्थान एकादशी पर प्रभु श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में मंदाकिनी तट एक लाख दीपों से जगमगा उठा।  

रामघाट में दीप जलाते लोग। जागरण

रामघाट में दीप जलाते लोग। जागरण

HighLights

  1. देवोत्थान एकादशी पर चित्रकूट में भव्य दीपोत्सव मनाया गया।

  2. रामघाट और मंदाकिनी तट एक लाख दीपों से रोशन हुए।

  3. साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि मांगी।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। देवोत्थान एकादशी पर प्रभु श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में मंदाकिनी का तट दीपों की रोशनी से नहा उठा। रामघाट से लेकर परिक्रमा मार्ग तक दीपों की कतारों ने धर्मनगरी को जगमग कर दिया। मंदाकिनी गंगा आरती के बाद शुरू हुए दीपदान में साधु-संतों, श्रद्धालुओं और विभिन्न संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

करीब एक लाख दीपों की सुनहरी आभा के बीच आतिशबाजी ने उत्सव की छटा और बढ़ा दी। हजारों श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने। दीपोत्सव का शुभारंभ रामघाट पर मंदाकिनी की महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में दीपदान कर भगवान विष्णु और प्रभु श्रीराम से सुख-समृद्धि की कामना की।

चित्रकूटधाम कर्वी नगर पालिका की ओर से 21 हजार, साधु-संतों ने 30 हजार और कामदगिरि महाआरती स्थल परिसर में 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीनदयाल शोध संस्थान की ओर से भी 1100 दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी और खूबसूरत रंगोली से रामघाट और आसपास का क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बना रहा। परिवारों और बच्चों की सुविधा के लिए खानपान व खिलौनों की अस्थायी दुकानें भी सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं ने दीपोत्सव का आनंद लिया और आयोजन को यादगार बताया।

आयोजन में कर्वी नगर पालिका, मध्य प्रदेश शासन, साधु-संतों और स्थानीय प्रशासन का सहयोग रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए, जिससे भीड़ के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस मौके पर एडीएम डॉ. कंचन वर्मा, ईओ राजकिशोर और पंकज अग्रवाल थे। वहीं भारत रत्न नानाजी देशमुख के आवास सियाराम कुटीर के गोयंका घाट में डीआरआइ संगठन सचिव अभय महाजन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दीप जलाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।