Chitrakoot News: अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दौड़ लगाते समय बाइक ने मारी थी टक्कर
सोमवार की शाम को अपने तीन-चार साथियों के साथ सड़क पर दौड़ रहा था। तभी खजुहा तालाब के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। स्वजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। मारकुंडी क्षेत्र में बाइक की टक्कर से युवक की मौत हो गई। वह अग्निवीर की तैयारी को लेकर सड़क पर दौड़ रहा था। मारकुंडी थाना क्षेत्र के डिपो कोलान मजरा किहुनिया निवासी कमलेश कोल का 18 वर्षीय बेटा अर्जुन कोल अग्निवीर की तैयारी कर रहा था।
बताते हैं कि सोमवार की शाम को अपने तीन-चार साथियों के साथ सड़क पर दौड़ रहा था। तभी खजुहा तालाब के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई। मारकुंडी थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना अस्पताल से मिली थी।
ई रिक्शा की टक्कर बाइक सवार तीन घायल
कर्वी कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। भंभई निवासी 19 वर्षीय कुंवर सिंह, 24 वर्षीय अजय व 35 वर्षीय राजाभइया बाइक से कर्वी आ रहे थे। भंभई रोड पर ई रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से दो महिला घायल
रैपुरा थाना के कस्बा निवासी 42 वर्षीय अंबिका देवी व 32 वर्षीय शिवदेवी सोमवार की शाम में रामलीला देखने जा रही थी। हाईवे पर पीछे से ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है।
हादसे के बाद जागा पुलिस प्रशासन, 18 ट्रैक्टर पर कार्रवाई
भरतकूप क्षेत्र में हुए हादसे के बाद पुलिस प्रशासन जागा है। उसने अभियान चलाकर 14 ट्रैक्टर का 85 हजार रुपये ई-चालान किया और चार ट्रैक्टर सीज किए हैं। सरकार के प्रतिबंध के बाद अभी ट्रैक्टर ट्राली में लोग सफर करने के गुरेज नहीं कर रहे हैं।
कानपुर हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने साफ कहा था कि ट्रैक्टर ट्राली कृषि कार्य के लिए है उसमें सवारियां न बिठाई जाएं। उसके बाद भी ट्रैक्टर ट्राली में सवारियों ढोने का सिलसिला शुरू था। जिसका परिणाम सोमवार की शाम भरतकूप क्षेत्र में देखने को मिला।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। यातायात प्रभारी योगेश कुमार यादव ने बताया कि 14 ट्रैक्टर व लोडर का 85 हजार रुपये ई-चालान किया गया है।