चित्रकूट में 15 घंटे से लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तालाब के किनारे मिला शव
चित्रकूट के पचोखर गांव में 34 वर्षीय युवक शिवदयाल वर्मा का शव तालाब किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिवार ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पचोखर गांव में 34 वर्षीय युवक का शव मिला।
परिवार ने हत्या की आशंका जताई, सिर पर चोट थी।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। घर से तालाब तक घूमने जाने की बात कहकर निकले पहाड़ी थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी युवक का शव 15 घंटे बाद तालाब किनारे ही मिला। सिर से खून निकलता देख पहुंचे स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने जांच कराने की बात कही है। पचोखर गांव निवासी गाेमती देवी ने बताया कि उसका पति 34 वर्षीय शिवदयाल वर्मा सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है। कुछ दिन पूर्व छुटटी पर आया था।
शनिवार की शाम पांच बजे वह घर से गांव के बाहर घूमने जाने की बात कहकर निकला था। रात भर वह घर नहीं आया तो उसकी खोजबीन की। रविवार की सुबह घर से लगभग डेढ़ किमी दूर तालाब के पास धान रोप रही महिलाओं ने बताया कि शिवदयाल वहीं पड़ा है।
स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस सूचना देकर उसे सीएचसी लेकर आए। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने आशंका जताई कि उसे शराब पिलाकर कुछ लोगों ने मार दिया है। उसके सिर से खून निकल रहा था।
थाना प्रभारी निशिकांत राय ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और फील्ड यूनिट टीम ने जांच पड़ताल की है। मृतक के सिर के पिछले हिस्से से काफी खून निकला है। ग्रामीणों के अनुसार युवक शराब पिए था और तालाब के पास गिरने से सिर पर गहरी चोट लगी है। ऐसे में पूरी जांच के बाद और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
