चित्रकूट में तकनीक और आस्था का अनूठा संगम, 500 ड्रोन के उड़ान भरते ही आसमान में जीवंत हुई रामकथा
चित्रकूट के मंदाकिनी घाटों पर 500 ड्रोन ने उड़ान भरकर आसमान में प्रभु श्रीराम की जीवनगाथा को जीवंत कर दिया।

मंदाकिनी के घाटों पर दीपदान किया गया।
HighLights
मंदाकिनी घाट पर 500 ड्रोन का भव्य प्रदर्शन।
आसमान में प्रभु श्रीराम की जीवनगाथा हुई जीवंत।
दीपदान मेले में तकनीक और आस्था का अद्भुत संगम।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के बीच रविवार की रात आसमान भी राममय हो उठा। एक साथ 500 ड्रोन ने उड़ान भरी तो आकाश में प्रभु श्रीराम की जीवनगाथा के दृश्य जीवंत होने लगे।
रोशनी से सजे आसमान में कहीं राम जन्म का प्रसंग उभरा तो कहीं धनुष यज्ञ, वनवास और सीता हरण के दृश्य दिखाई दिए।
लंका दहन और राम-रावण युद्ध के बाद अयोध्या वापसी के चित्रों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीपदान मेले में पहली बार हुए इस ड्रोन शो ने तकनीक और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। शाम आठ बजे शुरू हुए शो को देखने के लिए रामघाट पर श्रद्धालु जुटे।
ड्रोन की रोशनी से आसमान में बनते रामकथा के दृश्यों को लोगों ने उत्सुकता से निहारा। मध्य प्रदेश सीमा स्थित गधा बाजार मैदान से 500 ड्रोन उड़ा भरा।

मां मंदाकिनी नदी के पावन तट रामघाट पर आकाश में ड्रोनों के माध्यम से भगवान श्रीराम एवं रामायण के विभिन्न दिव्य प्रसंगों की मनोहारी आकृतियां प्रदर्शित की गई जिसका सजीव प्रसारण यू-ट्यूब और फेसबुक में किया गया। इस मौके पर एडीएम स्वप्निल कुमार यादव, एडीएम न्यायिक डा. कंचन वर्मा, एसडीएम अजय कुमार यादव रहे।