विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट दीपदान मेला शुरू, 500 ड्रोन से दिखेंगी भगवान राम की अद्भुत छवियां, 40 लाख लोग होंगे शामिल

Published: Thu, 05 Nov 2026 05:44 PM (IST)

चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपदान मेला शुरू हो गया है, जिसमें परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को ...और पढ़ें

8 नवंबर को 500 ड्रोन द्वारा आसमान में भगवान राम की छवियां उकेरना होगा।

8 नवंबर को 500 ड्रोन द्वारा आसमान में भगवान राम की छवियां उकेरना होगा।

HighLights

  1. पांच दिवसीय चित्रकूट दीपदान मेला परंपरा-तकनीक का संगम।

  2. 8 नवंबर को 500 ड्रोन से दिखेंगी भगवान राम की छवियां।

  3. मेले में 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। दीपों की जगमगाहट, रामकथा की गूंज, बुंदेली लोकगीतों की मिठास और आसमान में आधुनिक तकनीक से उभरती प्रभु श्रीराम की छवियां...। धर्म और आस्था की नगरी में शुक्रवार से शुरू हो रहा 5 दिवसीय दीपदान मेला इस बार परंपरा और तकनीक के अनूठे संगम का साक्षी बनेगा।

मंदाकिनी तट से कामदगिरि परिक्रमा तक दीपों की रोशनी के बीच सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। मेले में करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण आठ नवंबर को अमावस्या पर देखने को मिलेगा। रामघाट पर शाम आठ बजे दीपदान के दौरान मंदाकिनी तट के आसमान में पहली बार 500 ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे।

करीब 30 मिनट तक रामचरितमानस और रामायण की भक्ति थीम पर भगवान श्रीराम के वनवास काल की आकृतियां उकेरी जाएंगी। इसके साथ ही नौ छोटे मंचों पर नौ सांस्कृतिक दलों के 50 कलाकार बुंदेली लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगे। राई, दीवारी, पाई-डंडा नृत्य, बुंदेली गायन, भजन-कीर्तन, तंबूरा नृत्य, आल्हा और कोल्हाई गायन-नृत्य से मेले में लोक परंपराओं की छटा बिखरेगी। पांच दिनों तक तपोभूमि में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का यह संगम मेले को खास बनाएगा।

यहां बनाए गए सांस्कृतिक मंच

नया बस स्टैंड बेड़ी पुलिया के पास, रानीपुर भट्ट पार्क नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम कर्वी, जगद्गुरु रामभद्राचार्य राज्य दिव्यांग विश्वविद्यालय के पास मंदाकिनी होटल, खोही तिराहा, भरतकूप, रामशैय्या, शिवरामपुर रोड, कामदगिरि आरती स्थल परिक्रमा मार्ग व रामायण दर्शन परिकमा मार्ग।

गीला नारियल, अगरबत्ती व कपूर की बिक्री प्रतिबंधित

दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और अग्नि सुरक्षा को देखते हुए मध्यप्रदेश जिला सतना के नगर परिषद चित्रकूट क्षेत्र में कामदगिरि परिक्रमा मार्ग सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर गीला नारियल, अगरबत्ती, धूप और कपूर की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह आदेश छह से 10 नवंबर तक लागू किया है। उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। पांच दिन के मेला क्षेत्र में भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

आंकड़ों के नजर में मेला

श्रद्धालु - 40 लाख (अनुमानित)
जोन - 19
सेक्टर - 56
सुरक्षा - 4,500 अधिकारी व जवान
वाहन पार्किंग - 30
रैन बसेरा- 15
खोया-पाया केंद्र- 15

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।