चित्रकूट में भाजपा नेता के खाली प्लाट में धमाका, मानव शरीर के हुए टुकड़े, क्षत विक्षत दो पैर मिले
चित्रकूट के अशोह गांव में भाजपा नेता जगदीश गौतम के खाली प्लाट में हुए विस्फोट के बाद मानव अंग मिले ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा नेता के खाली प्लाट में हुआ भीषण विस्फोट
विस्फोट स्थल से मानव शरीर के दो पैर बरामद हुए
पुलिस को विस्फोटक हैंडलिंग की आशंका, जांच जारी है
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के पास सोमवार को एक खाली प्लाट में मिले मानव अंगों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। विस्फोट में एक युवक के शरीर के चीथड़े उड़ने की आशंका है। प्लाट में एक पैर जला हुआ मिला, जबकि दूसरा पैर कर्वी-राजापुर हाईवे के पार करीब 200 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला।
घटनास्थल पर करीब तीन फीट गहरा और चार फीट चौड़ा गड्ढा, जले कपड़े, विस्फोटक डिवाइस के पार्ट्स और मानव अंगों के लोथड़े मिलने हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि प्लाट की बाउंड्री टूट गई, दीवारों पर मांस के टुकड़े चिपक गए और पेड़ों की पत्तियां तक नीचे गिर गईं।
पुलिस को आशंका है कि विस्फोटक सामग्री को तैयार करने, रखने या उसका परीक्षण करने के दौरान यह हादसा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए और बम निरोधक दस्ते समेत बांदा व लखनऊ से विशेषज्ञों को जांच के लिए बुलाया गया है। हालांकि मरने वाले युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
शनिवार को हुआ था तेज धमाका, लगा बिजली गिरी होगी
जगदीश गौतम का अशोह में कर्वी-राजापुर हाईवे किनारे करीब 10 बीघा का प्लाट है जिसमें चारों ओर करीब आठ ऊंची बाउंड्री है व गेट लगा है। खाली प्लाट की देखरेख करने वाले गांव का श्यामसुंदर यादव ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह पत्नी के साथ बकरियां चरा रहा था। तभी तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के चरवाहों के अनुसार करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। उस समय उन्हें लगा कि बिजली गिरी है या फिर किसी ने जंगली सुअर के शिकार के लिए विस्फोट किया है।
पास में तीन फीट का गहरा गड्ढा
रविवार देर शाम गेट खोलकर अंदर गए तो वहां एक कटा और जला हुआ पैर दिखाई दिया। पास में करीब तीन फीट गहरा गड्ढा था। जानकारी पर आसपास के चरवाहों ने खेत में करीब 200 मीटर दूर दूसरा पैर पड़े होने की बात बताई। पुलिस पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
दीवारों में मानव अंगों के लोथड़े चिपके मिले
सोमवार को एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ राजापुर फहद अली, पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय, एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में प्लाट में विस्फोट होने की पुष्टि हुई। एसपी ने बताया कि दीवारों और आसपास के हिस्सों में मानव अंगों के लोथड़े चिपके मिले। जले व फटे कपड़ों के साथ कुछ मशीन के पार्ट्स भी बरामद हुए हैं। शरीर का अन्य हिस्सा अब तक नहीं मिला है।
विस्फोटक के प्रयोग के दौरान हादसे की आशंका
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया विस्फोटक सामग्री को रखते या प्रयोग करते समय ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। विस्फोट काफी शक्तिशाली था। युवक के शरीर के हिस्से करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। यह भी आशंका है कि घटना के समय मौके पर एक से अधिक लोग मौजूद रहे हों। आसपास के थाना क्षेत्रों में दो दिन से किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी जुटाई गई, लेकिन अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। मामले की हर पहलू से जांच कराई जा रही है।
बांदा व लखनऊ से बुलाए गए विशेषज्ञ
बम निरोधक दस्ता और एनआईए की टीम समेत बांदा व लखनऊ से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। भाजपा नेता जगदीश गौतम ने बताया कि प्लाट लंबे समय से खाली पड़ा है। विस्फोट की जानकारी होने पर उन्होंने रविवार रात पुलिस को लिखित सूचना दी थी।
शरीर के गायब अंग तलाश रही पुलिस
धमाके में चीथड़े हुई व्यक्ति के अंगों की पुलिस प्लाट से काफी दूर तक तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि धमाके के साथ जब एक पैर सड़क को पार करीब 200 सौ मीटर दूर जाकर गिरा है तो अन्य अंग भी इसी तरह आसपास ही कुछ दूरी पर गिरे होंगे। खेतों में काफी बड़ी घास होने की वजह से पुलिस को खोजने में कठिनाई हो रही है।
