चित्रकूट में बरदहा नदी पर 14.92 करोड़ रुपये से बनेगा दीर्घ सेतु, 50 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत
चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में बरदहा नदी पर 14.92 करोड़ रुपये की लागत से दीर्घ सेतु बनेगा, जिससे बरसात में ...और पढ़ें

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
बरदहा नदी पर 14.92 करोड़ का दीर्घ सेतु स्वीकृत।
मानिकपुर के 50 हजार ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में राहत।
सेतु निगम करेगा ऊंचाडीह-मऊ गुरदरी मार्ग पर निर्माण।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। बरसात में बरदहा नदी के उफान से पांच-पांच दिन तक संपर्क टूटने की समस्या झेल रहे मानिकपुर क्षेत्र के करीब 50 हजार ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ऊंचाडीह-मऊ गुरदरी मार्ग पर चमरौंहा के पास नदी पर 14 करोड़ 92 लाख 24 हजार रुपये की लागत से दीर्घ सेतु बनाया जाएगा। शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए परियोजना को मंजूरी दी है।
नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भी परेशानी होती है। दैनिक जागरण ने 18 अगस्त के अंक में ‘पांच दिन से बरदहा में तेज बहाव, 50 हजार ग्रामीण परेशान’ शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुल निर्माण की मांग लगातार उठा रहे थे। उनके अंदर भी इस पुल को लेकर बेचैनी थी। अपने चार साल के रिपोर्ट कार्ड में साफ कहा था कि उनकी प्राथमिकता में है जिसको दैनिक जागरण ने 25 जलाई के अंक में प्रमुखता के छापा था।

शासन की ओर से सोमवार को जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, परियोजना की कुल लागत 14 करोड़ 92 लाख 24 हजार रुपये है। इसके सापेक्ष 7 करोड़ 46 लाख 12 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी गई है। राज्य योजना के तहत 5 करोड़ 87 लाख 87 हजार रुपये और अन्य मद से एक करोड़ 58 लाख 25 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
सेतु बनने से ऊंचाडीह-मऊ गुरदरी मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। हालांकि, ग्रामीणों को वास्तविक राहत निर्माण पूरा होने और पुल चालू होने के बाद ही मिलेगी।
