UP Board Exam: दिसंबर में होंगी 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं, तैयारी में जुटा विभाग
यूपी बोर्ड ने 2027 की परीक्षाओं के लिए तैयारी तेज कर दी है, जिसके तहत दिसंबर में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिसंबर में होंगी 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं।
जनवरी के पहले सप्ताह तक पाठ्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य।
चंदौली में 59,729 छात्र बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत।
जागरण संवाददाता, चंदौली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। दो दिन बाद केंद्रों की अनंतिम सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी।
वहीं, विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी तैयारी परखने और कमियों को दूर करने का अवसर देने के लिए दिसंबर में प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराने की योजना है। इसके लिए विद्यालयों को जनवरी के पहले सप्ताह तक पाठ्यक्रम पूरा कराने का लक्ष्य दिया गया है।
जनपद के 246 माध्यमिक विद्यालयों में कुल 59,729 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 31,826 और इंटरमीडिएट के 27,903 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की परीक्षा को देखते हुए विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा कराने और परीक्षा की तैयारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बोर्ड परीक्षाएं लगभग दो सप्ताह पहले शुरू होने की संभावना को देखते हुए विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा।
यह भी पढ़ें- चंदौली में सात फेरों और निकाह से जुड़ीं 29 नई उम्मीदें, बेटियों को विदा करते नम हुई आंखें
कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास भी कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले विषयों की तैयारी मजबूत करने का अवसर मिल सकेगा।
विद्यालयों में लिखित परीक्षा के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को दोनों परीक्षाओं के लिए पर्याप्त समय मिल सके। प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को अपनी कमियां दूर करने और बोर्ड परीक्षा से पहले दोहराव करने का अवसर मिलेगा।
धर्मेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक
