चंदौली में सात फेरों और निकाह से जुड़ीं 29 नई उम्मीदें, बेटियों को विदा करते नम हुई आंखें
चंदौली के बरहनी ब्लॉक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 29 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 28 हिंदू और एक मुस्लिम जोड़ा शामिल था।

सात फेरों और निकाह से जुड़ीं 29 नई उम्मीदें।
HighLights
बरहनी ब्लॉक में 29 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न।
28 हिंदू, एक मुस्लिम जोड़े ने की नई शुरुआत।
विधायक सुशील सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद।
जागरण संवाददाता, बरहनी (चंदौली)। बरहनी ब्लॉक परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 29 जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें 28 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का मौलवी ने निकाह पढ़ाया। समारोह में नवदंपतियों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया।
खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधे भेंट किए।
परिसर में विवाह के लिए आठ मंडप बनाए गए थे। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के बीच वर-वधू मंडप तक पहुंचे। रस्में पूरी होने के बाद नवदंपतियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए 64 हजार रुपये वधू के खाते में भेजने, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री देने और 15 हजार रुपये टेंट, नाश्ता व भोजन आदि पर खर्च करने का प्रविधान बताया गया।
नवदंपतियों को साड़ी, चुनरी, पैंट-शर्ट, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, गैस चूल्हा, बाल्टी, दीवार घड़ी, प्रेस, बिस्तर, कंबल, गद्दा, चूड़ी-कंगन और ब्यूटी किट सहित गृहस्थी का सामान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात रही।
इस मौके पर महेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुरेंद्र बिंद, एडीओ पंचायत प्रेमचंद, अशोक गुप्ता, मनोज कुमार त्रिपाठी, राजेश कुमार सिंह आदि थे।
यह भी पढ़ें- मिशन शक्ति 6.0 में यूपी पुलिस का कमाल, सात दिन में पांच राज्यों से खोज निकाले 32 लाख के गुम मोबाइल
