चंदौली स्कार्पियो और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, बच्चा बाल-बाल बचा
चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कार्पियो और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बच्चे को दवा दिलाकर लौट रहे थे, जबकि बच्चा हादसे में बाल-बाल बच गया।

चंदौली में भीषण सड़क हादसा, स्कार्पियो-बाइक भिड़ंत में दो युवकों की मौत।
HighLights
चंदौली में स्कार्पियो-बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हुई।
हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत।
दवा दिलाकर लौट रहे बच्चे की जान बाल-बाल बची।
जागरण संवाददाता, चंदौली। थाना सकलडीहा क्षेत्र के कादिराबाद गांव के पास शुक्रवार को स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक एक बच्चे को दवा दिलाकर कमालपुर से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में बाइक पर सवार बच्चा बाल-बाल बच गया।
खोर गांव निवासी दीपक विश्वकर्मा और अजीत कुमार गुप्ता एक ही बाइक से बच्चे को दवा दिलाने के लिए कमालपुर गए थे। दवा दिलाने के बाद दोनों बच्चे को लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कादिराबाद गांव के पास कंपोजिट विद्यालय के समीप पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर मौजूद बच्चा बाल-बाल बच गया। बताया जाता है कि दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। मौके की नजाकत भांप चालक फरार हो गया। एक ही गांव के दो युवकों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। जिस बच्चे को दवा दिलाने के लिए दोनों घर से निकले थे, वह हादसे में सुरक्षित बच गया, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।