फैजाबाद से मंगाए जाएंगे ट्रिपल लेयर मास्क
जिला प्रशासन ने जनपद में मास्क सैनिजाइटर की कमी को दूर करने के लिए कमर कस ली है। फैजाबाद की निजी कंपनी से ट्रिपल लेयर मास्क और जरूरी संसाधन खरीदने की तैयारी की जा रही है। कंपनी से जल्द ही कोटेशन मंगाकर अनुबंध किया जाएगा। इससे मास्क की किल्लत दूर होने की उम्मीद जग गई है।
जागरण संवाददाता, चंदौली : जिला प्रशासन ने जनपद में मास्क, सैनिजाइटर की कमी को दूर करने के लिए कमर कस ली है। फैजाबाद की निजी कंपनी से ट्रिपल लेयर मास्क और जरूरी संसाधन खरीदने की तैयारी की जा रही है। कंपनी से जल्द ही कोटेशन मंगाकर अनुबंध किया जाएगा। इससे मास्क की किल्लत दूर होने की उम्मीद जग गई है।
कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। लेकिन संसाधनों का टोटा दूर नहीं हो रहा। कोरोना से बचाव के लिए प्राथमिक उपकरण माने जाने वाले मास्क और सैनिटाइजर मेडिकल स्टोर और अस्पतालों में नदारद हैं। जिला प्रशासन ने इसके लिए पहल की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारी मास्क और सैनिटाइजर बनाने वाली फैजाबाद और प्रयागराज की कंपनियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। कंपनी से कोटेशन मंगाया जाएगा। वहीं जरूरत के हिसाब से आपूर्ति कराई जाएगी। अस्पतालों के साथ ही मेडिकल स्टोर संचालकों को भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मास्क की किल्लत से निजात दिलाई जा सके। वैसे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से भी मास्क बनवाया जा रहा है। महिलाएं सूती मास्क बना रही हैं, लेकिन खपत के सापेक्ष कम उत्पादन होने से कमी बनी है। सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रिपल लेयर मास्क की आपूर्ति के लिए फैजाबाद की कंपनी से वार्ता की जा रही है। कोटेशन मंगाकर देखा जाएगा। सहमति बनने पर अनुबंध कर जिले में आपूर्ति कराई जाएगी ताकि मास्क की किल्लत को दूर किया जा सके।