चंदौली में अनुदान पर मिले ट्रैक्टर को नहीं खोज पाए अफसर, निदेशक को सौंपी गई जांच
चंदौली में किसानों को अनुदान पर मिले कृषि यंत्रों (ट्रैक्टर) के वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। सत्यापन के दौरान ट्रैक्टर नहीं मिलने पर शासन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और अब संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी इसकी जांच कर रहे हैं।

कृषि विभाग की संचालित एसएएम योजना के अंतर्गत कृषक को आनलाइन दिया गया था कृषि यंत्र। -प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
चंदौली में अनुदान पर मिले ट्रैक्टर का सत्यापन नहीं हुआ।
प्रतापगढ़ टीम की विफलता के बाद वाराणसी निदेशक को जांच।
कृषि यंत्र वितरण में धांधली की आशंका गहरा गई।
जागरण संवाददाता, चंदौली। किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र वितरण में मनमानी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सत्यापन के दौरान अनुदानित ट्रैक्टर नहीं मिलने को लेकर शासन सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इसके लिए प्रतापगढ़ की टीम लगाई गई थी लेकिन उसे सफलता नहीं मिली तो निदेशालय ने संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी शैलेंद्र कुमार को जांच कर रिपोर्ट मांगी है। पहले दौरा में उन्हें भी ट्रैक्टर नहीं मिला तो योजना में धांधली करने की आशंका और गहरा गया। उनके द्वारा ट्रैक्टर प्रस्तुत करने का निर्देश उप निदेशक कृषि को दिया गया है।
कृषि विभाग की ओर से सब मिशन आन एग्रीकल्चर मेकेनाइजेशन (एसएएम) और पराली प्रबंधन योजना (इनसीटू योजना) के अंतर्गत किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाते हैं। पराली प्रबंधन योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर के तहत तीस लाख तक की परियोजना पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। इसमें ट्रैक्टर सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं।
बताया जाता है कि इसी योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर अनुदान पर दिया गया था। सत्यापन में ट्रैक्टर नहीं मिलने पर शासन ने इसे गंभीरता से लिया है। इसके बाद मामले की जांच के लिए प्रतापगढ़ की टीम को जिम्मेदारी सौंपी लेकिन उनके हाथ सफलता नहीं मिली। ट्रैक्टर नहीं मिलने की रिपोर्ट टीम द्वारा शासन को भेजी गई।
धांधली की आशंका होने पर मामले की जांच संयुक्त कृषि निदेशक को सौंपी गई है। पिछले दिनों वह ट्रैक्टर का सत्यापन करने पहुंचे थे लेकिन उन्हें बताया गया कि वह बाहर किसी काम के लिए गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि गहराई से जांच हुई तो दोषी बच नहीं पाएंगे।
सत्यापन के दौरान अनुदानित ट्रैक्टर नहीं मिला था। इसकी जांच शासन की ओर से मुझे मिला है। पिछले दिनों मैं खुद चंदौली गया था लेकिन कहने के बाद भी ट्रैक्टर नहीं दिखाया गया। इधर व्यस्तता के कारण दूसरी बार नहीं जा सका हूं। दो दिनों के अंदर फिर ट्रैक्टर की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
शैलेंद्र कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।