ग्रामीणों ने उठाया फावड़ा-खांची, नाली किया साफ
कस्बा की गलियों में बह रही नालियों के गंदे पानी से आजिज कस्बावासियों ने गुरुवार को फावड़ा, खांची उठा लिया। जाम नालियों की सफाई किया। नालियों के साफ होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
जासं, इलिया(चंदौली) : कस्बा की गलियों में बह रही नालियों के गंदे पानी से आजिज लोगों ने गुरुवार को फावड़ा, खांची उठा लिया। जाम नालियों की सफाई कर इलाके को चमका दिया। नालियों के साफ होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की। खुद के निर्णय से लोग खुश रहे लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी की कसक भी स्पष्ट नजर आ रही थी।
लेवा-इलिया मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर कस्बे में वर्षों पूर्व बनी सड़क के दोनों तरफ खुदाई किए जाने से नालियां पट चुकी हैं। गलियों में नाबदान पानी का रुक गया था। सफाई नहीं होने से नालियां ओवरफ्लो होकर गली में बहकर नारकीय स्थिति को जन्म देने लगी थीं। गलियों में नाली का गंदा पानी बहते रहने से दुर्गंध उठ रही थी। शिकायत के बावजूद ग्राम पंचायत प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने दुश्वारियों की ओर जिला प्रशासन का ध्यान भी आकृष्ट कराया था। मदद की उम्मीद खत्म होता देख ग्रामीणों ने खुद के ऊपर भरोसा किया। कस्बे की हर नाली व गली की सफाई कर पैदल चलने लायक बना दिया। समस्या का निस्तारण होने से व्यापारियों ने भी राहत ली।